जम्मू में रात के अंधेरे में 3 जगहों पर देखे गए ड्रोन, BSF ने की फायरिंग, हमले की फिराक में पाक

श्रीनगर
जमीन पर भारतीय सुरक्षाबलों से मुंह की खाने के बाद अब पाकिस्तान आसमान के जरिए आतंक फैलाने की साजिशें रच रहा है। एक बार फिर से पाकिस्तान ने भारत में ड्रोन से निगेहबानी की नापाक हरकत की है। जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में रात के अंधेरे में तीन अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन मंडराते देखे गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। हालांकि, सुरक्षाबलों की ओर से फायरिंग के बाद ये ड्रोन गायब हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि ये ड्रोन गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बारी-ब्राह्मण, चिलाद्या और गगवाल इलाकों में एक ही समय पर देखे गए। ये ड्रोन ऐसे समय देखे गए हैं जब करीब एक हफ्ते पहले पुलिस ने यहां पास के सीमावर्ती कनचक इलाके में पांच किलोग्राम आईईडी सामग्री ले जा रहे एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया था।

अधिकारियों ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पाकिस्तान की ओर लौट रहे एक ड्रोन पर चिलाद्या में कुछ गोलियां चलायीं। अधिकारियों ने कहा कि अन्य दो ड्रोन बारी ब्राह्मणा और गगवाल में जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर मंडराने के तुरंत बाद आसमान से गायब हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *