जम्‍मू-कश्‍मीर: एक घंटे में तीन जगह दिखे संदिग्‍ध पाकिस्‍तानी ड्रोन

श्रीनगर
जम्‍मू-कश्‍मीर में संदिग्‍ध ड्रोन दिखाई देने का सिलसिला लगातार जारी है. गुरुवार देर रात भी जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन मंडराते देखे गए. अधिकारियों ने बताया कि ये ड्रोन रात करीब 8:30 से 9:30 के बीच बारी-ब्राह्मण, चिलाद्या और गगवाल इलाकों में एक ही समय पर देखे गए. इनमें से दो ड्रोन आर्मी कैंप और आईटीबीपी कैंप के पास देखे गए. सुरक्षाबलों की ओर से की गई फायरिंग के बाद तीनों ड्रोन वहां से बचकर निकल गए.

ये ड्रोन ऐसे समय देखे गए हैं जब करीब एक हफ्ते पहले पुलिस ने यहां पास के सीमावर्ती कनचक इलाके में पांच किलोग्राम आईईडी सामग्री ले जा रहे एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया था. अधिकारियों ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पाकिस्तान की ओर लौट रहे एक ड्रोन पर चिलाद्या में कुछ गोलियां चलाई. अधिकारियों ने कहा कि अन्य दो ड्रोन बारी ब्राह्मणा और गगवाल में जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर मंडराने के तुरंत बाद आसमान से गायब हो गए.

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अन्य सुरक्षा बलों के साथ घटनास्थल पर गहन तलाशी के लिए रवाना हो गई है. बता दें कि पिछले शुक्रवार को जम्‍मू-कश्‍मीर के कनचक इलाके में सुबह के समय ड्रोन दिखाई दिया था, जिसे जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस ने मार गिराया था. अभी इस ड्रोन की जांच चल ही रही थी कि शाम को जम्‍मू में दो और ड्रोन दिखाई पड़े.

इन दो संदिग्‍ध ड्रोन के अलावा लाइन ऑफ कंट्रोल के पास पुंछ सेक्‍टर में PIA (पाकिस्तान इंटरनैशनल एयरलाइंस) लिखा हुआ एक बैलून भी मिला. इस बैलून में पाकिस्तान का झंडा बना हुआ है. जम्‍मू-कश्‍मीर में 27 जून को भारतीय वायुसेना स्‍टेशन पर हुए हमले में ड्रोन के इस्‍तेमाल के बाद से लगातार सीमा पर ड्रोन देखे जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *