सिर पर गमछा डाल तहसीलदार के साथ दतिया कलेक्टर, बिना मास्क व्यापारियों पर जुर्माना

दतिया
मध्यप्रदेश में अभी कोरोना संकट टला नहीं है और लॉकडाउन में छूट के बाद व्यापारी और जनता कोविड प्रोटोकॉल को लेकर लापरवाह हो गए है, ना मास्क ना सोशल डिस्टेंसिंग। ऐसे लोगों को राह पर लाने के लिए दतिया कलेक्टर संजय कुमार तहसीलदार के साथ मोटरसायकल पर भेष बदलकर बाजार में जा पहुंचे। दोनों ने मिलकर दुकानों पर बिना मास्क लगाए व्यापारियों के लाइन से वीडियो बनाए और आज उन सभी पर एक-एक हजार रुपए जुर्माना भी किया गया।

 कुर्ता-पायजामा पहन सिर पर गमछा डाले बिना शोर-शराबे के पहुंचे कलेक्टर संजय कुमार अपने तहसीलदार के साथ मोटरसायकल पर सवार होकर बाजार पहुंच गए। उनका गनमैन दूरी बनाकर कलेक्टर साहब की कार चला रहा था। बदले हुए परिवेश में बाजार पहुंचे कलेक्टर साहब को व्यापारी पहचान नहीं पाए। कलेक्टर और तहसीलदार दोनो ने मिलकर अपने मोबाइल से एक घंटे तक घूमकर वीडियोग्राफी की और बिना मास्क पहने दुकानों पर बैठे व्यापारियों और उनसे बिना मास्क पहने सामान खरीद रहे आमजनों को अपने कैमरे में कैद किया। कलेक्टर ने तहसीलदार नीतेश भार्गव, स्टेनो श्रीनाथ पटेरिया और गार्ड केशव के साथ  कलेक्टर बंगले से लेकर तिगैलिया चौराहा, सुपर मार्केट,किला चौक आदि क्षेत्रों में भ्रमण किया और बिना मास्क सामान बेच रहे लोगों को मौके पर पकड़ा। आज इन सभी दुकानदारों को उनकी बिना मास्क की तस्वीरों के साथ एक-एक हजार रुपए का जुर्माने का नोटिस देने कलेक्ट्रेट की टीम पहुंची।

आमतौर पर व्यापारी मास्क का उपयोग नहीं कर रहे है। जांच दल आता है तो सभी सचेत हो जाते है और मास्क लगा लेते है। आमजन भी बिना मास्क के बाजारों में पहुंच रहे है। कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। लोग किसी जांच के डर से नहीं बल्कि खुद की सुरक्षा के लिए मास्क का उपयोग करे इसके लिए उन्हें प्रेरित करने यह तरीका अपनाया था। अब एक हजार रुपए का जुर्माना लगेगा और ऐसा आगे भी कभी हो सकता है ऐसी संभावना से व्यापारी आगे से मास्क लगाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *