1400 एकड़ वनभूमि बेचने-खरीदने वालों पर शिकंजा, कारोबारियों के यहां आयकर के छापे
रांची
बुंडू में 1400 एकड़ वनभूमि की अवैध खरीद-फऱोख्त करने वाले 13 आरोपियों के 22 ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। बुधवार तड़के शुरू हुए इस ऑपरेशन की कमान आयकर अन्वेषण के झारखंड और बिहार के अधिकारी संभाल रहे हैं। सर्च ऑपरेशन के तहत चुने गए परिसर रांची के विभिन्न स्थानों से लेकर बंगाल के झालदा तक फैले हुए हैं। न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल से लेकर बिल्डर पवन बजाज और प्रोफेसर यूके मांझी के कारोबारी और आवासीय परिसरों में आयकर विभाग की टीम देर शाम तक दस्तावेजों को खंगालती रही। शाकंभरी बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड, कोसी कंसलटेंट लिमिटेड लिमिटेड और सनसिटी इंपैक्स प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर भी लेनदेन के सबूतों को तलाशे में आयकर अधिकारी देर रात तक लगे रहे। आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि 1400 एकड़ जमीन की अवैध बिक्री से मिली हजारों करोड़ की राशि खपाने के ठिकानों की तलाश की जा रही है। इससे सैकड़ों करोड़ रुपए आयकर के रूप में भी प्राप्त हो सकते हैं। आरोपियों की ओर से जमीन के दस्तावेज तैयार कराने के सांठ-गांठ में शामिल रहे अधिकारियों के गर्दन तक पहुंचने के लिए भी आयकर विभाग के अधिकारी सूत्र की तलाश कर रहे हैं। कारोबारियों और बिल्डरों के ठिकानों से आयकर अधिकारियों को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्दी ही केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड की ओर से इसका खुलासा किया जाएगा। शाकंभरी बिल्डर के कांके रोड स्थित आवास और परिसरों पर आयकर की टीम कुछ कर्मचारियों को कब्जे लेकर देर रात तक पूछताछ करती रही। रांची महिला कॉलेज आर्ट्स ब्लॉक के पीछे स्थित विष्णु अग्रवाल के ठिकाने से आयकर ने कुछ कागजात अपने में कब्जे में लिए। इनकी फोरेंसिंक जांच की जाएगी। विष्णु अग्रवाल के झालदा स्थित परिसर पर भी आयकर की कार्रवाई देर रात तक जारी रही। शाकंबरी बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक पवन बजाज के चार ठिकाने आयकर विभाग के सर्च रडार में शामिल किए गए थे। कोसी कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड और सनसिटी इमपेक्स प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों से मिले कुछ कागजातों पर प्रोपाइटर समेत कर्मचारियों से आयकर अधिकारियों ने महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
