फिरोजाबाद में फोन से शिक्षक परेशान, जानिए आखिर क्या है मामला

फिरोजाबाद
हैलो…मैं डीएम आफिस से बोल रहा हूं। बीएलओ का डाटा फीड करना है इसलिए एक एप डाउनलोड करो। ओटीपी आएगा तो उसे तुरंत बताना। नहीं बताओगे तो निलंबित करा दूंगा… कुछ इस तरह के फोन दो दिन से बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और शिक्षामित्रों के पास पहुंच रहे हैं। ये कॉल किसी ठगी करने वाले गिरोह के बताए जा रहे हैं। शिक्षकों के सोशल मीडिया ग्रुप पर इस तरह के फोन की काफी चर्चा हो रही है। 100 से अधिक शिक्षकों के पास इस तरह के फोन पहुंचे हैं। ठगी का शिकार होने के डर के कारण शिक्षकों ने फोन को बंद कर लिया।

शिक्षकों, शिक्षामित्र की ड्यूटी बीएलओ में समय-समय पर लगती है। मंगलवार से शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और नारखी ब्लॉक के कई शिक्षकों के पास फोन आ चुके हैं। फोन अलग-अलग नंबर से आ रहे हैं। इसमें फोन करने वाला व्यक्ति खुद को कभी डीएम कार्यालय तो कभी बीएसए कार्यालय का कर्मचारी बताता है। कइयों को तहसील और बीआरसी की जानकारी दी है, नाम भी अलग-अलग बताएं। शिक्षकों की मानें तो फोन करने वाला व्यक्ति उन्हें हड़काता है। निलंबित कराने की धमकी भी देता है। वह व्यक्ति शिक्षकों से ओटीपी मांगता है।

कहता है कि बीएलओ का डाटा लॉक करना है। कई शिक्षकों के पास इस प्रकार के फोन आए तो उन्होंने अन्य शिक्षकों को ठगी से बचाने के लिए शिक्षकों के व्हाट्सएप ग्रुप पर जागरूक किया। इस संबंध में जब बीएसए अंजली अग्रवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस प्रकार के फोन मेरे कार्यालय से किसी शिक्षक को नहीं किए गए हैं। उन्होंने जिले के शिक्षकों से कहा कि यदि किसी के पास फ्राड कॉल आता है तो वह किसी को ओटीपी शेयर न करें। जांच परखने के बाद ही अगला कदम उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *