मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्री जगन्नाथ महतो से मिले, जल्द संभालेंगे विभाग का कामकाज

रांची
राज्य के शिक्षा और उत्पाद विभाग के मंत्री जगन्नाथ महतो लंबी बीमारी के बाद अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को उनसे उनके आवास पर मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मंत्री के स्वास्थ्य में प्रगति को देख उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। पूरी तरह स्वस्थ होते ही शिक्षा और उत्पाद मंत्रालय मंत्री के जिम्मे कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने मंत्री से कार्यों का निपटारा घर से ही करने की सलाह दी है। उम्मीद है जल्द ही मंत्री जगन्नाथ महतो कामकाज शुरू कर देंगे। मालूम हो कि उनके अस्वस्थ होने के बाद से उनके मंत्रालय के कार्यों का निबटारा खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे थे।

कोरोना और फेफड़े में संक्रमण से पीड़ित हो गये थे मंत्री
मंत्री जगन्नाथ महतो सितंबर 2020 में कोरोना संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें पहले रिम्स और उसके बाद रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार उनके स्वास्थ्य को लेकर फिक्रमंद थे। कई बार अस्पताल जाकर चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य का हालचाल लेते रहे। इस बीच मंत्री के स्वास्थ्य की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री की पहल पर एमजीएम, चेन्नई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रांची बुलाई गई थी। इसके बाद टीम की सलाह पर जगन्नाथ महतो को 19 अक्टूबर को चिकित्सकों की देखरेख में एयर एंबुलेंस से चेन्नई भेजा गया था। चेन्नई के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (एमजीएम) में मंत्री के कोरोना संक्रमण से खराब फेफड़ा को ट्रांसप्लांट किया गया था।  

विशेष विमान से रांची लाए गए थे शिक्षा मंत्री
फेफड़ा ट्रांसप्लांट के बाद मंत्री कुछ दिनों तक चेन्नई में ही चिकित्सकों की देखरेख में रहे। जब चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य को दुरुस्त बताया तो चेन्नई में इलाजरत झारखंड के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो को रांची लाने की कवायद शुरू हुई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्हें रांची लाने के लिए एक चार्टड प्लेन से चिकित्सकों की टीम 14 जून को चेन्नई भेजी गई। टीम में रिम्स क्रिटिकल केयर विभागाध्यक्ष डॉ पीके भट्टाचार्य और मेडिसिन विभाग के डॉ अजीत डुंगडुंग शामिल थे। 14 जून को ही मंत्री रांची पहुंचे थे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *