Tokyo Olympics: भारत के लिए सातवां दिन शानदार, सतीश पदक से एक कदम दूर

टोक्यो
टोक्यो ओलंपिक के सातवें दिन भारत ने अच्छी शुरुआत की। स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने महिला सिगल्स के अंतिम 16 मुकाबले में डेनमार्क की मिया को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अब सिंधु का मुकाबला यामागुची से होगा। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में दस्तक दी। जबकि अतनु दास तीरंदाजी में पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में अंतिम आठ में पहुंच गए हैं। वहीं बॉक्सर सतीश कुमार ने 91 किग्रा भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। ओलंपिक का छठा दिन भारत के लिए मिला जुला रहा। दीपिका कुमारी, पूजा रानी और पीवी सिंधु के बेहतर प्रदर्शन के चलते भारत की पदक जीतने की उम्मीद जिंदा है।

पुरुषों की लाइटवेट डबल्स स्कल स्पर्धा में भारत की तरफ से अर्जुन जाट और अरविंद सिंह ने चुनौती पेश की। लेकिन यह भारतीय जोड़ी पांचवें स्थान पर रही। यह ओलंपिक में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

महिलाओं की 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में तीसरी सीरीज में राही सरनोबत अपनी लय को बरकरार नहीं रख पाईं और 94 अंक ही हासिल कर सकीं। इससे पहले दूसरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए हुए उन्होंने 97 अंक हासिल कर टॉप 6 में जगह बनाई।

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। आज टीम इंडिया ने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। भारत की तरफ से वरुण कुमार, विवेक सागर प्रसाद और हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागे। जबकि अर्जेंटीना की तरफ से एक मात्र गोल कैसेला ने किया। भारतीय टीम की इस ओलंपिक में यह तीसरी जीत है।

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु अंतिम आठ में पहुंच गई हैं। उन्हें महिला सिंगल्स के अंतिम 16 मुकाबले में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को 2-0 से शिकस्त दी। सिंधु ने पहला गेम 21-15 और दूसरा गेम 21-13 से अपने नाम किया। अब सिंधु का अगला मुकाबला यामागुची से होगा।

अतनु दास टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने के लिए एक कदम आगे बढ़ गए हैं। उन्होंने तीरंदाजी की पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में अंतिम आठ में जगह बना ली। अतनु ने अंतिम 16 के मुकाबले में कोरिया को जिन्येक ओह को शिकस्त दी। अतुन ने यह मुकाबला 6-5 से जीता। इस मैच शूटआउट तक पहुंचा जिसमें कोरिया के खिलाड़ी ने 9 और अतनु ने 10 का स्कोर हासिल किया।  

भारत के बॉक्सर सतीश कुमार 91 किग्रा की स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने 91 किग्रा भार वर्ग के अंतिम 16 में जमैका के रिकॉर्डो ब्राउन को हराया। सतीश ने यह मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया। सतीश जमैका के मुक्केबाज को पहले राउंड में 5-0 और दूसरे राउंड में 4-1 से शिकस्त दी। वह मेडल जीतने से एक कदम दूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *