विपक्ष की 2024 के लिए गोलबंदी, अब दिल्ली में लालू से मिले शरद पवार और रामगोपाल

दिल्ली
2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अभी से गोलबंदी शुरू हो गई है। बुधवार को जहां एक तरफ ममता बनर्जी विपक्षी नेताओं के साथ बैठक करती रहीं, वहीं दूसरी तरफ राजद नेता लालू प्रसाद यादव के साथ एनसीपी प्रमुख शरद यादव और सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने मुलाकात की। इस दौरान पूर्व मंत्री अखिलेश सिंह भी मौजूद रहे। लालू की बेटी राज्यसभा सांसद मीसा भारती के आवास पर यह मुलाकात हुई। चारा घोटाले में जमानत मिलने के बाद से लालू यादव एक बार फिर विपक्षी राजनीति की धुरी बनते जा रहे हैं। बड़े मामलों पर विपक्षी नेताओं का उनसे मिलना और विचार विमर्श करने का सिलसिला जारी है। बताया जा रहा है कि विपक्षी नेताओं ने लालू यादव से मिलकर उनके स्वास्थ्य के बार में जानकारी ली। इसके साथ देश की राजनीति पर भी चर्चा की गयी। कहा जा रहा है कि चर्चा का मुख्य विषय मानसून सत्र में मोदी सरकार की घेरेबंदी की रणनीति रही। इन नेताओं के बीच घंटों बातचीत हुई है। इस दौरान देश की वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और संसद के वर्तमान मॉनसून सत्र के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गयी। मुलाकात का फोटो खुद मीसा ने ट्वीट किया है। इसमें मीसा भारती, शरद पवार, लालू यादव, रामगोपाल यादव और अखिलेश सिंह दिखायी दे रहे हैं।

मीसा ने फोटो ट्वीट करते हुए लिखा कि आज लालू यादव से एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, वरिष्ठ समाजवादी नेता रामगोपाल यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश सिंह जी ने भेंट कर कुशलक्षेम जाना और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य व संसद के मानसून सत्र पर चर्चा की। पवार के साथ रामगोपाल के मौजूद रहने से यूपी चुनाव की रणनीति पर मंथन की चर्चा भी हो रही है। एक दिन पहले ही सपा के साथ एनसीपी के यूपी चुनाव में उतरने की बात सामने आई थी। हालांकि रामगोपाल यादव और लालू यादव आपस में रिश्तेदार भी हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *