भिलाई में वेटलिफ्टर मीरा को जलोटा ने समर्पित किया मीरा को ऐसी लागी लगन

भिलाई
दो भजनों की रिकार्डिंग के लिए भिलाई पहुंचे पद्मश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में रजत पदक हासिल कर भारत को पहला पदक दिलाने वाली वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को अपनी शुभकामनाएं देते हुए अपना सुप्रसिद्ध भजन ऐसी लागी लगन समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने अन्य खिलाडिय़ों की हौसला अफजाई करते हुए देश के लिए और भी पदक जीतने की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने देशवासियों के साथ ही छत्तीसगढ़ के लोगों से कोरोना वैक्सीन लगाने की अपील की।

भिलाई के भजन गायक प्रभंजन चतुवेर्दी के आमंत्रण पर दो भजनों की रिकॉर्डिंग के लिए अनूप जलोटा आज सुबह भिलाई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कोरोना फिलहाल नहीं जाएगा इसीलिए कोरोना से मुकाबला करने के लिए अपने आप को योग्य बनाना होगा जिससे कि कोरोना हमें नुकसान नहीं पहुंचा सके। ऐसा करने के लिए प्रतिदिन प्राणायाम, मेडिटेशन एवं योगा करना चाहिए। उन्होंने खुद वैक्सीन के दोनों डोज लगावा लिए है और देशवासियों के साथ ही छत्तीसगढ़ के लोगों से अपील करते हैं कि वे जल्द से जल्द कोरोना वैक्सीन लगवाकर अपने को सुरक्षित कर लें।

उन्होंने कहा कि विगत डेढ़ वर्ष से कोरोना महामारी के कारण सभी लोग परेशान हैं और इस दौरान उनके द्वारा भी कोई भी संगीत समारोह नहीं किया गया। इस दौरान उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 के पहले ही दिन रजत पदक हासिल करने वाली वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को अपनी ओर से शुभकामनाएं देते हुए अपना सुप्रसिद्ध भजन ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन को समर्पित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *