शपथ से पहले बोले बसवराज बोम्मई- मेरे मेंटर और बड़े नेता हैं येदियुरप्पा, उनके मार्गदर्शन में करेंगे काम

बेंगलुरु
भाजपा नेतृत्व ने कर्नाटक के अपने सबसे मजबूत नेता और मौजूदा कार्यवाहक मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा का उत्तराधिकारी बसवराज बोम्मई को चुना है, जो अब से कुछ देर में शपथ लेंगे। शपथ से पहले बसवराज बोम्मई ने कहा कि बीएस येदियुरप्पा उनके मेंटर हैं और एक बड़े नेता हैंं, उनका विशाल अनुभव उन्हें राज्य को कुशलतापूर्वक संचालित करने में मदद करेगा। यह कहते हुए कि वह पदोन्नति की उम्मीद नहीं कर रहे थे, बसवराज बोम्मई ने कहा कि वह और कई अन्य लोग उम्मीद कर रहे थे कि बीएस येदियुरप्पा मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। 

बता दें कि बोम्मई भी येदियुरप्पा के ही लिंगायत समुदाय से आते हैं, जो राज्य का सबसे प्रभावी समुदाय माना जाता है। नए मुख्यमंत्री आज यानी बुधवार को सुबह 11 बजे शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार येदियुरप्पा के बेटे प्रदेश उपाध्यक्ष वी वाय विजयेंद्र को भी पार्टी अहम भूमिका में ला सकती है। सूत्रों के मुताबिक बोम्मई के साथ तीन उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। कर्नाटक में गोविंद कारजोल, आर अशोक और श्रीरामलु उप मुख्यमंत्री बनेंगे।

कहा जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री एसआर बोम्मई के बेटे बसवराज बोम्मई को येदियुरप्पा का आशीर्वाद प्राप्त है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 78 वर्षीय दिग्गज बोम्मई को उनकी नई भूमिका के लिए बधाई देने वालों में सबसे पहले शामिल थे। उन्होंने ट्वीट किया था कि बसवराज बोम्मई को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने पर बधाई। मुझे विश्वास है कि आप कर्नाटक को विकास के पथ पर ले जाएंगे और राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *