असम-मिजोरम विवाद: राहुल गांधी-बोले  ‘गृह मंत्री ने जो नफरत बोई है, उसका परिणाम भुगत रहा देश’

नई दिल्ली
असम और मिजोरम के बीच भड़के सीमा विवाद में सोमवार को असम पुलिस के 6 जवानों की मौत हो गई। साथ ही हिंसा में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है। घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार शाम को दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की और जल्द इस विवाद को सुलझाने के लिए कहा। वहीं, इस मामले को लेकर अब सियासत भी गर्मा गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इसे गृह मंत्री अमित शाह की विफलता बताते हुए बड़ा हमला बोला है।
 
राहुल गांधी ने असम-मिजोरम विवाद पर सोमवार को ट्वीट करते हुए लिखा, 'इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मैं संवेदना प्रकट करता हूं। मेरी प्रार्थना है कि घायल लोग जल्दी ठीक हों। लोगों के जीवन में नफरत और अविश्वास बोकर केंद्रीय गृह मंत्री ने एक बार फिर देश को विफल कर दिया है। भारत अब इसके भयानक परिणाम भुगत रहा है।'
 
आपको बता दें कि सोमवार को असम के कछार जिले की सीमा पर अचानक हिंसा भड़क गई। इससे पहले मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए एक वीडियो ट्वीट किया, जिसमें पुलिस और नागरिकों के बीच टकराव दिख रहा था। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की। इसके बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने भी मिजोरम के सीएम के ट्वीट पर रिप्लाई किया बताया कि कोलासिब (मिजोरम) के एसपी हमें अपनी पोस्ट से पीछे हटने के लिए कह रहे हैं। हालांकि शाम को गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की और विवाद को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *