नगर निगम की नवीन पहल, एमेजान एंव इंडिया मार्ट जैसी ई-कामर्स कम्पनी के माध्यम से खाद विक्रय की तैयारी
राजनांदगांव
छत्तीसगढ शासन द्वारा खेतीहर किसानों तथा पशु पालकों के हित में गोधन न्याय योजना प्रारंभ किया गया है। योजना के तहत 2 रुपए किलो की दर से सरकार द्वारा पशुपालकों से गोबर खरीदा जा रहा है। गोबर से महिला स्व सहायता समूहो द्वारा वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण किया जा रहा है। खाद का खेतों मे उपयोग कर फसल के उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों को फायदा हो रहा है। इसी प्रकार गोबर विक्रय करने से पशु मालिकों को भी आर्थिक लाभ मिल रहा है, साथ ही खाद बनाने से महिला स्व सहायता समूहो को भी रोजगार प्राप्त हो रही है। गोबर विक्रय होने से एक फायदा यह भी है कि पशु मालिक अपने जानवरों को बांध कर रख रहे है, जिससे रोड में जानवर बैठने से होने वाली दुर्घटना से भी निजात मिल रहा है।
गोधन न्याय योजना की क्रियान्वयन की कडी में नगर निगम राजनांदगांव के लिये शासन द्वारा 04 गौठान केन्द्र नवागांव, रेवाडीह, मोहारा एवं लखोली की स्वीकृति प्राप्त हुयी, जहॉ गोबर खरीदी कर वर्मी खाद के अलावा, गमला, दिया एवं गोबर की लकडी बनायी जा रही है। वर्मी कम्पोस्ट का लाभ नागरिकों को दिये जाने नगर निगम द्वारा हाट बाजार में वर्मी कम्पोस्ट बिक्री केन्द्र भी प्रारंभ किया गया है। जहॉ न्यूनतम दर पर वर्मी कम्पोस्ट खाद का विक्रय किया जा रहा है। जिसके शुभारंभ अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री माननीय अमरजीत भगत एवं महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने वर्मी कम्पोस्ट क्रय किया। उक्त खाद को क्रय कर घर के बगीचे एवं गमले के साथ साथ सब्जी बाडी की उर्वरा शक्ति बढाने उपयोग किया जा रहा है। खाद विक्रय के लिये वर्मी कम्पोस्ट 10 रुपए प्रति किलो, सुपर कम्पोस्ट 6 रुपए प्रति किलो एवं सुपर कम्पोस्ट प्लस 6.50 रुपए प्रति किलो की दर निर्धारित है। इसमें सुविधा के लिये 5 किलो एवं 10 किलो का पैकेट भी बनाया गया है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली दीदीयों के द्वारा भी घर घर जाकर खाद का विक्रय किया जा रहा है। अब तक खाद विक्रय से लगभग 19 लाख रुपए की आय प्राप्त हुई है और अब नगर निगम खाद बेचने में प्रगति करते हुये एमेजान एवं इंडिया मार्ट जैसी ई-कामर्स कम्पनी के माध्यम से खाद विक्रय करना प्रारंभ कर रही है। जिसकी शुरूवात में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने प्रथम एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुवेर्दी ने दूसरे नम्बर पर आॅनलाईन आडर किये है। जिसका लाभ अतिशीघ्र नागरिकों को भी मिलेगा। राजनांदगांव नगर निगम की यह पहल छत्तीसगढ़ में पहली अग्रणी पहल है। इस प्रकार राजनांदगांव नगर निगम द्वारा आॅर्गेनिक राजनांदगांव अभियान की शुरूवात की गयी, जिसमें सफलता प्राप्त हो रही है।
नगर निगम राजनांदगांव द्वारा 4 स्थानों पर संचालित गौठानो में गोबर क्रय किया जा रहा है। जिसमें नगर निगम सीमाक्षेत्र के 478 पंजीकृत पशुपालको से गोबर खरीदी जा रही है। आज दिनांक तक 1 लाख 53 हजार क्वीटल गोबर खरीदी की गयी, जिसमें हितग्राहियों को 3 लाख रूपय का भुगतान किया गया है। वर्तमान में 933 क्विंटल खाद का निर्माण किया गया है, जिसमें से 871 क्विंटल खाद विक्रय किया गया। जिससे लगभग 8 लाख रुपए की आय हुई है। साथ ही गोबर से 6700 नग दीया का निर्माण किया गया है, जिसमें लगभग 5 हजार दीये के विक्रय से 9 हजार रुपए की आय हुई। इसके अलावा गोबर से 2 नग मशीन से 65377 नग कुल 850 क्विंटल लकडी का निर्माण भी किया गया जिसमें से मुक्तिधाम में 429 क्विंटल गोबर लकडी एवं 182 क्विंटल कंडा भेजा गया, जिससे कोविड में मृत व्यक्तियों का अंतिम संस्कार किया गया। साथ ही अब तक 52 हजार क्विंटल सुपर कम्पोस्ट खाद का निर्माण किया गया, जिसमें से 91 क्विंटल का विक्रय किया गया, जिससे 5 लाख रुपए की आय हुई।
हाट बाजार में वर्मी कम्पोस्ट विक्रय केन्द्र से अब तक 150 किलो सुपर कम्पोस्ट बेचा गया। जिससे 900 रुपए की आय हुई, वही 315 किलों वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय से 3150 रुपए आय प्राप्त हुई। इसी प्रकार डोर टू डोर कचरा संग्रहण करने वाली स्वच्छता दीदी कचरा संग्रहण के साथ साथ वर्मी एवं सुपर कम्पोस्ट का प्रचार प्रसार कर रही है, जिससे प्रभावित होकर लोगों ने 137 किलो सुपर कम्पोस्ट क्रय किया जिससे 822 रुपए की आय हुई तथा 1692 किलो वर्मी कम्पोस्ट क्रय कर के 16920 रुपए की आय प्राप्त किये।
