उपचुनाव के मद्देनजर प्रदेश भाजपा दो दिन तक करेगी मंथन, सीनियर नेता जुटे

भोपाल
उपचुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव के साथ प्रदेश भाजपा दो दिन तक मंथन करेगी। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत विधायक, पार्टी के पदाधिकारी, मंत्री शामिल हुए। वहीं कांग्रेस से प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक और कमलनाथ भी इन क्षेत्रों में कांग्रेस के प्रभाव को लेकर चर्चा करेंगे।

प्रदेश में तीन विधानसभा रैगांव, पृथ्वीपुर, जोबट और खंडवा लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करेगी। इसको लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव के साथ प्रदेश भाजपा दो दिन तक मंथन बैठक करेगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत पार्टी के पदाधिकारी, मंत्री शामिल हुए। बैठक में उपचुनाव वाली सीटों पर जीत के लिए मंत्रियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। साथ ही संगठन की ओर से अलग से पदाधिकारी तैनात किए जाएंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि दो दिन तक चलने वाली बैठक में संगठन और चुनाव की दृष्टि से चर्चा होना है और इसमें सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रहेगी। उन्होंने उपचुनाव में मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपने पर कहा है कि मंत्री पहले भाजपा के कार्यकर्ता हैं, फिर मंत्री हैं। इसलिए कार्यकर्ता के नाते उनकी जिम्मेदारी संगठन के काम पूरे करने की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी खुद को पहले कार्यकर्ता मानते हैं। भाजपा में संगठन की गतिविधियां लगातार चलती रहती हैं और ऐसी बैठकें होती रहती हैं। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री दौरे के बाद सीएम चौहान और उनसे मिल चुके हैं। अब प्रदेश प्रभारी भी सभी मसलों पर चर्चा करेंगे।

प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में निगम मंडल नियुक्ति के लिए फाइनल किए गए नामों के साथ संगठन के कार्यकर्ताओं को दिए जाने वाले दायित्वों पर भी आज होने वाली बैठकों में चर्चा होगी। उपचुनाव में किन नेताओं को किन विधानसभा सीटों और लोकसभा सीट का जिम्मा सौंपा जाना है। इस पर भी बैठक में चर्चा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *