कुमरदा 33 केव्ही फीडर से विद्युत सप्लाई होने से छुरिया उपकेन्द्र की विद्युत व्यवस्था हुई बेहतर
डोंगरगांव/खुज्जी
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा छुरिया क्षेत्र में निर्बाध व गुणावत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 33 केव्ही लाइन छुरिया के लिए कुमरदा फीडर में डीपी स्ट्रक्चर स्थापित कर विद्युत प्रदाय को सुदृढ़ी किया गया है। बिजली विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व में छुरिया उपकेन्द्र के लिए विद्युत सप्लाई की व्यवस्था सुखनाला 33 के0व्ही0 फीडर से की जाती थी चूंकि इस फीडर से हाटबंजारी, चिल्हाटी एवं गैंदाटोला उपकेन्द्रों को भी विद्युत प्रदाय किया जाता है। इसके कारण सुखनाला 33 केव्हीफीडर में अत्याधिक विद्युत भार पड़ रहा था।
सुखनाला 33 के0व्ही0 फीडर से छुरिया उपकेन्द्र की दूरी भी अधिक होने के कारण पर्याप्त वोल्टेज पर विद्युत सप्लाई की चुनौती पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को आ रही थी। इस चुनौती से निपटने के लिए पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा कुमरदा 33 केव्ही फीडर पर डीपी स्ट्रक्चर स्थापित कर छुरिया उपकेन्द्र के लिए विद्युत सप्लाई की व्यवस्था इस फीडर से कर दिया है। जिसके कारण 33 केव्ही लाइन छुरिया की लंबाई लगभग 10 किमी कम हो गई तथा इस फीडर पर भार कम होने के कारण विद्युत प्रदाय व्यवस्था और बेहतर हो गई।
