देवास जिला चिकित्सालय का हुआ कायाकल्प

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों से प्रदेश के सभी जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ अधोसंरचना निर्माण का कार्य भी जारी है। सभी जिला चिकित्सालयों के साथ प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि यदि कोरोना की संभावित तीसरी लहर आती है तो उससे निपटने में कोई परेशानी न आये।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिये किये जा रहे प्रयासों में देवास जिला चिकित्सालय का भी कायाकल्प कर तस्वीर बदली गई है। जिला चिकित्सालय के कायाकल्प अभियान में स्त्री रोग विभाग में प्राथमिकता से ओपीडी को पूरी तरह से वातानुकूलित किया गया है। गर्भवती माताओं के बैठने के लिए व्यवस्थित व्यवस्था की गई है। डॉक्टर केबिन में बैठक व्यवस्था को नया स्वरूप देते हुए गर्भवती माताओं की समस्त आवश्यक जाँच, टीकाकरण और अन्य उपचार व्यवस्थाओं को भी दुरूस्त किया गया है। अस्पताल में आने वाली गर्भवती माताओं को अच्छे वातावरण में उपचार दिया जा सके इसके लिए हेल्प-डेस्क भी बनाई जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने भी गत दिनों देवास भ्रमण के दौरान जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पताल के कायाकल्प की सराहना की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देवास जिला चिकित्सालय इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक उदाहरण बनेगा। अन्य जिलों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *