आंदोलन कर रहे पंचायत कर्मियों से मंत्री सिसोदिया ने कहा वापस जाएँ काम पर

भोपाल। पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका से बचाव में जुटी सरकार की प्राथमिकता के बीच आंदोलन कर रहे पंचायत कर्मियों से काम पर वापस लौटने को कहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से पंचायत कर्मचारियों की समस्या को लेकर बातचीत चल रही है। कर्मचारी संगठनों के साथ उनकी बातचीत जारी है। सरकार की कुछ लिमिटेशंस हैं, कोरोना महामारी से जूझने के बीच सरकार के पास आर्थिक संकट है। पूरा देश आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में वे संगठनों से आग्रह करते हैं कि हड़ताल खत्म कर काम पर लौटें। सरकार उनका ध्यान रख रही है। उधर प्रदेश की 23000 ग्राम पंचायतों में हड़ताल कर रहे पंचायत कर्मियों द्वारा राज्य शासन के आदेश के बाद भी ग्राम सभा नहीं की गई। ग्राम पंचायतों में सिटीजन चार्टर लागू करने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास ने ग्राम सभा करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए थे जिसका पालन ग्राम पंचायतों के कर्मचारियों द्वारा किया जाना था पर ऐसा नहीं हुआ। पंचायत विभाग संयुक्त मोर्चा के द्वारा शुरू किये गए अनिश्चितकालीन आंदोलन के चलते कई जिलों में जनपद एवं पंचायत कार्यालयों में ताले नहीं खोले गए और मशाल जलाकर आंदोलन का शंखनाद किया गया। इनका कहना है कि जिन सीईओ जनपद को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा है उनमें दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही हो और पंचायत कर्मियों की अन्य समस्याओं का निराकरण हो, इसके बाद ही आंदोलन खत्म होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *