BJP बनाएगी 9353 ग्राम नगर केंद्रों में नई टीम

भोपाल
प्रदेश में जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की कार्यकारिणी और कार्यसमिति की नई टीम बनाने के साथ ही ग्राम नगर केंद्रों का भी नए सिरे से गठन करने पर फोकस किया गया है। इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के संभागीय दौरे में होने वाली बैठकों में खासतौर पर जिला अध्यक्षों को गठन को लेकर निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही नई टीम में ऊर्जावान युवाओं को शामिल कर उनके जरिये संगठन की रीति-नीति के प्रचार प्रसार पर भी जोर दिया जा रहा है। भाजपा ने प्रदेश के 65283 पोलिंग बूथ पर पहले ही बूथ संयोजक और बूथ अध्यक्ष की नियुक्ति करने की कार्यवाही कर ली थी। इसके बाद अब जब प्रदेश भाजपा की टीम लगभग घोषित हो चुकी है तो निचले स्तर संगठनात्मक गतिविधियों को पूरा कराने के लिए पार्टी के नेता सक्रिय हैं। संगठन चाहता है कि अगले चार माह में संगठनात्मक स्तर के चयन संबंधी काम पूरे हो जाएं ताकि फिर 2022 से अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने का काम किया जा सके। इसी के मद्देनजर 57 जिलों और 1070 मंडलों की कार्यसमिति और कार्यकारिणी के अधूरे काम भी पूरे कराए जाने लगे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने जबलपुर, रीवा-शहडोल, सागर संभाग के जिला अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों की बैठक लेकर जिला स्तर पर समन्वय तेज करने पर जोर दिया है। इन नेताओं ने कहा है कि जहां टीम घोषित होना बाकी है वहां जल्द टीम घोषित कर कार्यसमिति की बैठकें करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *