भाजपा नेता ओम प्रकाश के यहां आयकर का छापा, करोड़ों की कर चोरी की आशंका

जौनपुर
आयकर विभाग की टीम जौनपुर के शाहगंज में भाजपा नेता व शराब कारोबारी ओम प्रकाश जायसवाल के घर डेरा जमाए हुए है। बृहस्पतिवार की सुबह से शुरू हुई विभाग की कार्रवाई आज दूसरे दिन भी जारी है। देर रात डेढ़ बजे एक गाड़ी से ओम प्रकाश जायसवाल की भयोहू व नगर पालिका परिषद शाहगंज की अध्यक्ष गीता जायसवाल को जेसीज चौराहे स्थित मकान से फार्म हाउस पर ले गई।

10 मिनट बाद दूसरी गाड़ी से उनके भाई प्रदीप जायसवाल को फार्म हाउस पर ले जाया गया। जहां सुबह से ही जांच पड़ताल चल रही। इधर, वाराणसी से ओम प्रकाश जायसवाल के मोहित अग्रवाल को देर रात शाहगंज लाया गया है। आयकर विभाग की टीम उनसे पूछताछ में जुटी है।

बता दें कि आयकर विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे ओम प्रकाश जायसवाल और उनके परिवार से जुड़े लोगों के जौनपुर के शाहगंज और वाराणसी स्थित आवासों और होटल, फैक्ट्री सहित कई प्रतिष्ठानों पर छापा मारा।  सुबह आठ बजे शुरू हुई कार्रवाई अब तक जारी है। टीम ने इस दौरान लेनदेन से जुड़े कागजात के साथ ही कंप्यूटर में दर्ज रिकार्ड, बैंक खातों के लेनदेन आदि की जांच की।

टीम ने कागजात को सीज करने के साथ ही कंप्यूटर हार्ड डिस्क भी अपने कब्जे में ले लिया है।  आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक आयकर रिर्टन दाखिल करने आदि की भी जांच की गई तो बड़े पैमाने पर कर चोरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है जिन लोगों के वहां टीम ने सर्वे किया हैं, उनके फैक्ट्री और होटल भी हैं।  

बताया जा रहा है कि प्रधान आयकर आयुक्त वाराणसी सुनील माथुर के नेतृत्व में आयकर विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है। टीम में वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, आजमगढ़ सहित कुछ और जिले के अधिकारी शामिल हैं। जिनकी दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है।  

टीम के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि शुरुआती जांच में करोड़ों की कर चोरी का मामला प्रकाश में आया है। व्यापक जांच पड़ताल के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर पूर्व चेयरमैन व उनके परिवार के लोगों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो संपर्क नहीं हो सका।

शराब कारोबारी से नेता बने ओमप्रकाश जायसवाल ने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया है। वह भाजपा के बड़े नेताओं में गिने जाते हैं। वहीं, उनके भाई प्रदीप जायसवाल नगर पालिका शाहगंज के मनोनीत सभासद होने के साथ ही भाजपा के नगर अध्यक्ष हैं। जबकि खुद ओम प्रकाश जायसवाल रामलीला समिति के संरक्षक हैं। इसके अलावा सरस्वती शिशु मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर, आरएसएस  आदि से जुड़े हैं।

खेतासराय कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित गोला बाजार खरीदने के बाद वह एक बार फिर चर्चा में थे। जिसकी कीमत 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का बताई जाती है। बताया जाता है कि खेतासराय गोला निवासी एक व्यवसायी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इसकी शिकायत की थी। इसे भी कुछ लोग कार्रवाई की कड़ी से जोड़ कर देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *