तीन दिवसीय दौरे पर आज गोरखपुर आएंगे CM योगी, 108 अभ्यर्थियों को आज मिलेगा नियुक्ति पत्र

गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार यानी आज तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आएंगे। वह यहां सैनिक स्कूल की आधारशिला रखने के साथ ही शनिवार को गुरु पूर्णिमा के मौके पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद भी देंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित नौ मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण कार्यक्रमों की तैयारी जांचने के लिए देवरिया और सिद्धार्थनगर भी जाएंगे। हालांकि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अभी मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं जारी हुआ है मगर प्रशासन ने अपने तयी तैयारियां शुरू कर दी है।  

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री आज दोपहर तीन बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। सैनिक स्कूल के निर्माण कार्य का शिलान्यास करने के साथ ही वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनके साथ डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भी मौजूद रहेंगे। वहां से मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर आएंगे। यहां अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं।

शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गुरु पूर्णिमा उत्सव में श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। उसके बाद देवरिया जिले में बन कर तैयार मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने देवरिया जाएंगे। वहां वह जन प्रतिनिधियों से भी मुखातिब होंगे। शाम को गोरखपुर लौट आएंगे। रविवार सुबह फिर मंदिर परिसर में लोगों की फरियाद सुनने के बाद प्रधानमंत्री की 30 जुलाई को सिद्धार्थनगर में होने वाली जनसभा के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लेने सिद्धार्थनगर प्रस्थान कर जाएंगे। वहां से उनके अयोध्या के लिए प्रस्थान करने की सूचना है।

हर साल की तरह इस बार भी गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर के स्मृति भवन सभागार में गुरु पूर्णिमा का उत्सव पूरे उल्लास के साथ मनाया जाएगा। सिर्फ इतना अंतर होगा कि एक-एक कर दूर से ही शिष्यों को गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद प्राप्त होगा। कार्यक्रम में कोविड-19 पोटोकॉल का पूरी तरह से पालन होगा। इस कार्यक्रम आनलाइन प्रसारण भी किया जाएगा। शनिवार की सुबह नौ बजे से होने वाले गुरु पूर्णिमा उत्सव के लिए मंदिर प्रबंधन की तरफ से

साधु, संत, पुजारी, गृहस्थ शिष्य, जन प्रतिनिधियों के साथ शहर के प्रबुद्ध नागरिकों को निमंत्रण भेजा रहे हैं। कार्यक्रम में संगीत नाटक एकेडमी के सदस्य लोक गायक राकेश श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ गुरुवंदना और भजन प्रस्तुत करेंगे। सभी श्रद्धालुओं-शिष्यों को नाथ संप्रदाय का विशेष प्रसाद रोट का भोग लगाने को मिलेगा।

बेसिक शिक्षा विभाग में 69 हजार शिक्षक भर्ती में तृतीय चरण में चयनित जिले के 108 अभ्यर्थियों को शुक्रवार को एनेक्सी सभागार में प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इस अवसर पर जिले के कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री लखनऊ से ही अभ्यर्थियों को वर्चुअल संबोधित भी करेंगे।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री लखनऊ में मिशन रोजगार के तहत दोपहर 12 बजे से मुख्य समारोह में पांच अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान कुछ जिलों के चयनित अभ्यर्थियों से संवाद भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद जिलों में नियुक्ति पत्र वितरित होगा। बीएसए आरके सिंह के मुताबिक शुक्रवार को 53 महिला एवं 55 पुरूष अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *