बिहार पंचायत चुनाव में इस्‍तेमाल होंगी 2.09 लाख EVM 

 पटना  
बिहार में पंचायत चुनाव में पहली बार ईवीएम का इस्तेमाल होगा। इसके लिए सभी जिलों में ईवीएम बुधवार को पहुंच गए। राज्य निर्वाचन आयोग ने पिछली समीक्षा बैठक के दौरान सभी जिलों को 20 जुलाई तक दूसरे राज्यों से ईवीएम लाने का निर्देश दिया था। राज्य में पंचायत चुनाव के दौरान कुल दो लाख 09 हजार ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। ईवीएम के माध्यम से चार पदों मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य के लिए मतदान होगा। जबकि दो पदों, पंच व सरपंच के लिए बैलेट बॉक्स के माध्यम से मतदान होना है।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव योगेंद्र राम ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में ईवीएम पहुंच गए है, कुछ रास्ते में है, जो 24 से 48 घंटे के अंदर संबंधित जिलों में पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि 30 जिलों में पहले ही ईवीएम पहुंच गए थे। आठ जिलों में से सात जिलों में ईवीएम संबंधित राज्यों से आसानी से मिल गए। जबकि एकमात्र शेखपुरा के लिए ईवीएम लेने में तमिलनाडु में थोड़ी परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि ईवीएम को दूसरे राज्य में भेजने के पूर्व तमिलनाडु सरकार ने ईएमएस (जांच) कराने की आवश्यकता जतायी।

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई है, वहां से भी अंतत: ईवीएम मिल गया है। सूत्रों के अनुसार राज्य में पंचायत चुनाव को लेकर दो लाख 09 हजार ईवीएम को लाया गया है। सभी ईवीएम को भंडार-गृह में सुरक्षित रखा गया है। आयोग के निर्देशानुसार सभी ईवीएम की उपयोग के लिए पुन: जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *