सफाई व्यवस्था देखने आयुक्त पहॅुचे श्रमिक बाहुल्य वार्ड

राजनांदगांव
नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुवेर्दी ने आज प्रात: निगम सीमाक्षेत्र के श्रमिक बाहुल्य वार्ड ममता नगर, मोतीपुर, स्टेशन पारा, पाडुरंग कालोनी, शंकरपुर क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया और लचर सफाई व्यवस्था पर वार्ड प्रभारी एवं सफाई ठेकेदार को कार्य में लापरवाही पर नोटिस जारी किये।

आयुक्त डॉ. चतुवेर्दी ने ममता नगर, मोतीपुर अंडर ब्रिज, मोतीपुर सामुदायिक भवन चौक, रेल्वे पटरी के आस पास, पाडुरंग कालोनी, शंकरपुर क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर उक्त क्षेत्र के रहवासियों से सफाई के संबंध में जानकारी ली। मोतीपुर वार्ड नं. 7, शंकरपुर वार्ड नं. 9 में ठीक से सफाई नहीं होने पर वार्ड नं. 7 के सफाई ठेकेदार अध्यक्ष सरस्वती सेवा मंडल को वार्ड में सफाई का अभाव, सार्वजनिक स्थल में कचरा संग्रहित होने पर दो दिवस के भीतर सफाई कार्य में सुधार करने नोटिस जारी किया है। व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर अनुबंध के शर्तो के तहत ठेका निरस्तीकरण की कार्यवाही की जावेगी। इसी प्रकार वार्ड नं. 9 शंकरपुर में सफाई के अभाव में सफाई दरोगा एवं जोन प्रभारी को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि उक्त क्षेत्र में पर्याप्त साफ सफाई होना नहीं पाया गया जो संबंधित सफाई दरोंगा एवं जोन प्रभारी के कार्य की लापरवाही को प्रदर्शित करता है। जिसके लिये उन्हें 24 घण्टे के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने कारण बताओं सूचना जारी किया गया है। समाधानकारक जवाब नहीं होने पर उनके विरूद्ध नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी।

आयुक्त डॉ. चतुवेर्दी द्वारा शंकरपुर एवं बल्देव बाग एस.एल.आर.एम. सेन्टर का भी निरीक्षण किया गया। एस.एल.आर. सेन्टर में अव्यवस्था को देखकर एवं कर्मचारी अनुपस्थित रहने व पालतु जानवरों द्वारा कचरा फैलाते पाये जाने पर मिशन क्लीन सिटी प्रभारी को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में कहा गया कि आपके द्वारा कार्यो में उदासीनता प्रकट किया गया और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों में नियंत्रण का अभाव पाया गया, जिससे अव्यवस्था निर्मित हुई, जो कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि नोटिस प्राप्ति के 24 घण्टे के अंतर्गत अपना स्पष्टीकरण उच्च अधिकारी को प्रस्तुत करे, अन्यथा की स्थिति में दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।

आयुक्त डॉ. चतुवेर्दी द्वारा निगम कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया और बिना मास्क लगाये कार्य करते कर्मचारियों पर नराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से मास्क लगाना सुनिश्चित करेंगे एवं कार्यालय में आने वाले लोगों को भी मास्क लगाने प्रेरित करेगे। अपालन की स्थिति में संबंधित कर्मचारी पर अर्थदण्ड अधिरोपित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *