120 अंक नीचे खुला सेंसेक्स, निफ्टी 15700 के पार

 नई दिल्ली  
कमजोर वैश्विक संकेतों से आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान पर हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 120.52 अंक (0.23 फीसदी) नीचे 52,432.88 के स्तर पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 48.45 अंकों (0.31 फीसदी) की गिरावट के साथ 15,703.95 के स्तर पर खुला। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 753 अंक या 1.43 फीसदी के लाभ में रहा।
 
विश्लेषकों ने राय जताई है कि वृहद आर्थिक संकेतकों के अभाव में इस सप्ताह कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजे शेयर बाजारों की दिशा तय करेंगे। कोविड-19 संक्रमण की दर भी निकट भविष्य में शेयर बाजारों की दिशा तय करेगी। बुधवार को बकरीद के मौके पर शेयर बाजार बंद रहेंगे। इसके साथ ही बाजार भागीदारों की निगाह डॉलर के मुकाबले रुपये के उतार-चढ़ाव, ब्रेंट कच्चे तेल के दाम तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश के रुख पर रहेगी।
 
बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से छह कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में 69,611.59 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक लाभ रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक का स्थान रहा।
 
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान कोटक बैंक, टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, डॉक्टर रेड्डी, एनटीपीसी, टाटा स्टील, नेस्ले इंडिया, सन फार्मा, बजाज ऑटो, एक्सिस बैंक, आईटीसी, मारुति और बजाज फाइनेंस के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं टाइटन, इंफोसिस, टीसीएस, रिलायंस, भारती एयरटेल, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और एचसीएल टेक के शेयर लाल निशान पर खुले। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *