दो खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव: टोक्यो ओलंपिक खेलों पर कोरोना का कहर 

 नई दिल्ली 
जापान की राजधानी टोक्यो में होने जा रहे ओलंपिक खेलों पर कोरोना का कहर लगातार जारी है। इन खेलों के सीईओ तोशीरो मुटो ने शनिवार को कंफर्म किया था कि एथलीट स्थल पर शनिवार को कोरोना संक्रमण का पहला सामने आया है, लेकिन अब ऐसी खबरें सामने आ रही है कि इन खेलों में भाग लेने जा रहे दो एथलीट भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस बात की सूचना एएफपी ने दी है। 
 
इसके मुताबिक, कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि होने के बाद ओलंपिक गांव में रह रहे इन दोनों एथलीटों को आइसोलेशन में रखा गया है। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए खेलों के आयोजकों ने आठ जुलाई को घोषणा की थी कि किसी भी दर्शक को टोक्यो और आसपास के तीन प्रांतों में स्थित एथलीट स्थानों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी, क्योंकि जापान की राजधानी टोक्यो में कोरोना महामारी की स्थिति बिगड़ने के कारण एक और आपातकाल लगाया गया है। फुकुशिमा प्रांतीय सरकार की ओर से दो दिन बाद अजुमा बेसबॉल स्टेडियम के लिए भी इसी तरह का निर्णय लिया गया था।
 
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाक ने केवल जुलाई महीने में ही ओलंपिक खेलों से संबंधित विदेशी एथलीटों के बीच कोरोना संक्रमण के 15 मामले सामने आने के बाद शनिवार को टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए कोरोना विरोधी उपायों पर बढ़ती चिंता को खत्म करने की कोशिश की है। बाक ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, 'एक जुलाई से शुक्रवार तक लगभग 15 हजार एथलीट, अधिकारी और ओलंपिक और पैरालंपिक से संबंधित अन्य लोग टोक्यो पहुंचे हैं। इन सभी का कोरोना टेस्ट किया गया था, जिनमें केवल 15 ही संक्रमित पाए गए हैं। यह बहुत कम दर है, यह लगभग 0.1 प्रतिशत है। संक्रमित लोगों को तुरंत आईसोलेट कर दिया गया था, इसलिए वे अन्य प्रतिभागियों और जापान के लोगों के लिए कोई जोखिम पैदा नहीं करेंगे।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *