24 घंटों में मिले कोरोना के 38,079 केस और 560 लोगों की मौत: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय

नई दिल्ली
देश में कोरोना वायरस का कहर अभी भी जारी है और संक्रमण के दैनिक मामले 30 हजार से ऊपर बने हुए हैं। शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना के 38,079 नए केस मिले हैं, जबकि 560 लोगों की मौत हुई है। गौरतलब है कि इसी हफ्ते मंगलवार को कोरोना वायरस के मामलों में 118 दिन बाद एक बड़ी गिरावट दिखी थी, जब दैनिक केस 31443 रिकॉर्ड किए गए, लेकिन पिछले 4 दिनों के दौरान यह संख्या फिर से बढ़ी है।
 
हालांकि एक राहत की बात यह है कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है और 97.31 फीसदी तक पहुंच गया है। रिकवरी रेट बढ़ने से कोरोना वायरस के एक्टिव मामले घटकर फिलहाल 4,24,025 ही बचे हैं। वहीं, देश में अभी तक कोरोना वायरस के कुल 44,20,21,954 सैंपल टेस्ट हो चुके हैं, जिनमें से 19,98,715 सैंपल टेस्ट पिछले एक दिन के दौरान किए गए हैं।
 
आपको बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि जैसे-जैसे कोरोना वायरस के प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है, लोगों में मास्क का इस्तेमाल भी घट रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव लव अग्रवाल ने इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया, 'मई से जुलाई के बीच लोगों में मास्क के इस्तेमाल में भारी गिरावट आई है। अगर आंकड़ों को देखें तो मास्क के इस्तेमाल में सीधे तौर पर 74 फीसदी की गिरावट का अनुमान है। इस तरह का व्यवहार कोरोना वायरस के संक्रमण को एक बार फिर बढ़ने का मौका दे सकता है। हमें यह बात समझनी होगी कि मास्क का इस्तेमाल अब हम सभी के लिए 'न्यू नॉर्मल' है और इसे हमें अपनाना होगा।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *