आदिम जाति कल्याण विभाग : 6 करोड़ से बनेंगे कन्या छात्रावास

भोपाल
प्रदेश में पिछले साल कोरोना महामारी के चलते काम नहीं हो पाया और आदिम जाति कल्याण विभाग कन्या छात्रावास के निर्माण के लिए मिले तेरह सौ करोड़ रुपए में से 598 करोड़ रुपए खर्च नहीं कर पाया और राशि समर्पित कर दी थी। अब यह पैसा फिर विभाग को मिल गया है। इससे इस साल सीनियर कन्या छात्रावास और कॉलिजिएट कन्या छात्रावास बनाए जाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2019-20 में भारत सरकार से स्वीकृत गतिविधि के अंतर्गत सीनियर कन्या छात्रावास के लिए 900 करोड़ रुपए और कॉलिजिएट कन्या छात्रावास के निर्माण के लिए 400 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। आदिम जाति कल्याण विभाग इसमें से केवल 701 करोड़ 31 लाख रुपए खर्च कर पाया था। शेष राशि 598 करोड़ 69 लाख रुपए उसे वित्तीय वर्ष समाप्त होने के पहले लेप्स होने से बचाने के लिए समर्पित करना पड़ा था। इस साल वित्त विभाग ने यह राशि विभाग को पुर्नआवंटित की है। इस राशि से अब फिर प्रदेश में सीनियर कन्या छात्रावास और कॉलिजिएट कन्या छात्रावासों का निर्माण कराया जाएगा। आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं शैलबाला मार्टिन ने लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई को निर्देश दिए हैं कि इस बार समयसीमा में निर्माण किया जाए।

व्यय और कामों की अनिवार्य रुप से निरंतर समीक्षा की जाए और गतिविधिवार कार्यवार व्यय और प्रगति की जानकारी जियो टेग फोटोग्राफ सहित तथा राशि का उपयोगिता प्रमाणपत्र आयुक्त आदिवासी विकास के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए। सभी निर्माण कार्यो के सत्यापन और योजना क्रियान्वयन की उचित व्यवस्था भी की जाए। सभी गतिविधियों के संबंध में संपूर्ण जानकारी का दस्तावेजीकरण किया जाए और भौतिक सत्यापन भी किया जाए। पूर्व में आवंटित राशि में से हुए खर्च की कार्यवार जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई है यह जानकारी भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *