24 घंटों में 38,792 कोरोना के नए केस और 624 लोगों कौ मौत

नई दिल्ली
देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है और मंगलवार को दिखी एक बड़ी गिरावट के बाद बुधवार को संक्रमण के मामले फिर से बढ़ गए। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 38,792 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 624 लोगों की मौत संक्रमण की वजह से हुई है। मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों की संख्या 31,443 थी। इन नए आंकड़ों के साथ देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 3,09,46,074 और मृतकों की संख्या 4,11,408 हो गई है।

 स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 41 हजार मरीज ठीक भी हुए हैं, जिसके बाद देश में रिकवर मरीजों की कुल संख्या 3,01,04,720 हो गई है। गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है और इस समय 97 फीसदी से ऊपर है। रिकवरी रेट बढ़ने की वजह से कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में भी गिरावट आई है, जो अब घटकर 4,29,946 ही बचे हैं। इसके अलावा देश में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 38,76,97,935 डोज दी जा चुकी हैं, जिनमें से 37,14,441 खुराक पिछले 24 घंटों के भीतर दी गई हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *