अमेरिका कर रहा भारत सरकार की हरी झंडी का इंतजार, फाइजर, मॉडर्ना के टीके भेजने के लिए तैयार

 नई दिल्ली 
अमेरिका ने पूरी दुनिया में कई देशों को 8 करोड़ कोरोना वैक्सीन दान करने की घोषणा की थी। अमेरिका ने टीके बांटना शुरू कर दिया है लेकिन भारत में खुराक पहुंचाने में कुछ समस्याएं सामने आ रही हैं। अमेरिका तो दुनिया के कई देशों को वैक्सीन भेजने की अपनी योजना में अब भारत को टीके भेजने के लिए तैयार बैठा है लेकिन उसे भारत सरकार की मंजूरी का इंतजार है। अमेरिका ने कहा कि वह कोरोना वैक्सीन भेजने के लिए भारत सरकार के हरी झंडी देने का इंतजार कर रहा है। विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, "भारत सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद हम टीकों को तेजी से भेजने के लिए तैयार हैं।"

असल में भारत ने अपने परिचालन, नियामक और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए थोड़ा और समय मांगा है। रिपोर्ट के मुताबिक नेड प्राइस ने कहा कि अमेरिका के टीके पाकिस्तान, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश तक पहुंच चुके हैं। लेकिन भारत पहुंचने में दिक्कत हो रही है। भारत में पहुंचने के लिए समय लग रहा है क्योंकि यहां आपातकालीन आयात में कुछ कानूनी बाधाएं हैं।

अमेरिका ने पहले अपने घरेलू स्टॉक से 8 करोड़ खुराक दुनिया भर के देशों के साथ साझा करने की घोषणा की थी। भारत को संयुक्त राज्य अमेरिका से मॉडर्न और फाइजर की 30-40 लाख खुराक मिलने की उम्मीद है। बता दें कि मॉडर्ना को ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया से मंजूरी मिल गई हैं, वहीं फाइजर ने अभी तक भारत में आपातकालीन अनुमोदन के लिए आवेदन नहीं किया है।
 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *