तीन राजस्व निरीक्षकों को नोटिस,कार्य संतोषजनक नहीं लक्ष्य से कम वसूली

जबलपुर
 राजस्व वसूली के लिए नगर निगम द्वारा संभागवार व वार्डवार वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। निगमायुक्त ने इस अभियान की समीक्षा की। इस दौरान लक्ष्य से कम वसूली करने वाले तीन संभाग के राजस्व निरीक्षकों के साथ वसूली में खराब प्रदर्शन वाले 10 कर संग्रहिताओं को भी नोटिस जारी किया गया।

निरीक्षकों का कार्य संतोषजनक नहीं : नगर निगम द्वारा शहर में चलाए जा रहे राजस्व वसूली अभियान के तहत निगमायुक्त संदीप जीआर द्वारा सभी संबंधितों को एक लक्ष्य निर्धारित करते हुए वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए थे। इसको लेकर सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में पाया गया कि संभाग क्रमांक 8 भानतलैया, 12 घंटाघर एवं 16 नया संभाग के राजस्व निरीक्षकों का कार्य संतोषजनक नहीं है। निगमायुक्त द्वारा तीनों राजस्व निरीक्षकों देवनाथ राठौर, भोले सिंह, एवं सुखराम पटैल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसी प्रकार निगमायुक्त ने ऐसे 10 कर संग्रहिताओं को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जिनके द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया गया। इस संबंध में निगमायुक्त संदीप जीआर ने उपायुक्त राजस्व पीएन सनखेरे को भी निर्देशित किया है कि उपरोक्त सभी राजस्व निरीक्षकों एवं कर संग्रहिताओं से मिलने वाले जवाब का परीक्षण के बाद कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजें। उन्होंने कहा कि वसूली के लिए समस्त राजस्व निरीक्षकों एवं कर संग्रहिताओं पर सतत निगरानी रखें और सभी को लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य करने प्रतिदिन प्रेरित करें। उन्होंने उपायुक्त राजस्व को निर्देशित किया कि वसूली के कार्यो में लापरवाही करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को छोड़ा न जाए। विदित हो कि नगर निगम की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है इसी वजह से निगमायुक्त द्वारा राजस्व वसूली पर जोर दिया जा रहा है ताकि शहर विकास के काम में आर्थिक स्थिति आड़े न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *