आज नेपाल के नए प्रधानमंत्री के रूप में शेर बहादुर देउबा लेंगे शपथ 

 नई दिल्ली 
नेपाल में अगले प्रधानमंत्री का पद नेपाल कांग्रेस के प्रमुख शेर बहादुर देउबा संभालेंगे। नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने आदेश देते हुए सोमवार को राष्ट्रपति विद्दा देवी भंडारी को निर्देश दिया कि नेपाली कांग्रेस के प्रमुख देउबा को मंगलवार को ही पीएम नियुक्त किया जाए। पांच महीने में दूसरी बार प्रतिनिधि सभा को बहाल कर दिया जाएगा।

प्रधान न्यायाधीश चोलेंद्र शमशेर राणा के नेतृत्व वाली उच्चतम न्यायालय की पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने फैसला सुनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की अनुशंसा पर राष्ट्रपति भंडारी का निचले सदन को भंग करने का फैसला असंवैधानिक कृत्य था। इसे वयोवृद्ध कम्युनिस्ट नेता के लिये बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है, जो समय पूर्व चुनावों की तैयारी कर रहे थे। 

पीठ ने मंगलवार तक देउबा को प्रधानमंत्री नियुक्त करने का परमादेश जारी किया। देउबा (74) इससे पहले चार बार- पहली बार 1995-1997, दूसरी बार 2001-2002, तीसरी बार 2004-2005 और चौथी बार 2017-2018 तक- प्रधानमंत्री रह चुके हैं। फिलहाल वह सदन में नेता विपक्ष हैं। अदालत ने प्रतिनिधि सभा का नया सत्र 18 जुलाई की शाम पांच बजे बुलाने का भी आदेश दिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *