लखनऊ में अलकायदा आतंकियों की गिरफ्तारी… अब मायावती ने उठाए यूपी पुलिस पर सवाल

लखनऊ

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रविवार को दो अलकायदा संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। इन गिरफ्तारियों के बाद अखिलेश यादव ने यूपी पुलिस और बीजेपी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि उन्हें यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं है। अखिलेश के बाद अब मायावती ने इन गिरफ्तारी पर सवाल खड़े किए हैं।बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी पर कहा कि इसकी आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर दावा सही है तो यह गंभीर मामला है और कार्रवाई जरूर होनी चाहिए।

 

'..आड़ में न हो राजनीति'

मायावती ने ट्वीट किया, 'यूपी पुलिस का लखनऊ में आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करने व इस मामले में गिरफ्तार दो लोगों के तार अलकायदा से जुड़े होने का दावा अगर सही है तो यह गंभीर मामला है। इस पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए वरना इसकी आड़ में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए जिसकी आशंका व्यक्त की जा रही है।'

 

'इतने दिनों तक क्यों रहे बेखबर?'

बीएसपी चीफ ने दूसरा ट्वीट किया और लिखा, 'यूपी विधानसभा आमचुनाव के करीब आने पर ही इस प्रकार की कार्रवाई लोगों के मन में संदेह पैदा करती है। अगर इस कार्रवाई के पीछे सच्चाई है तो पुलिस इतने दिनों तक क्यों बेखबर रही? यह वह सवाल है जो लोग पूछ रहे हैं। अतः सरकार ऐसी कोई कार्रवाई न करे जिससे जनता में बेचैनी और बढ़े।'

 

ADG प्रशांत कुमार बोले- यह पुलिस की बड़ी कामयाबी

एडीजी (लॉ ऐंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने बताया, 'सूचनाएं मिलने के बाद उस पर स्टडी की गई और मॉड्यूल को ध्वस्त किया गया। पकड़े गए संदिग्धों के मंसूबे सही नहीं थे। जिस तरह की चीजें मिली हैं उनका पोंटेशल इतना है कि किसी महत्वपूर्ण जगह पर ब्लास्ट हो जाता तो कई जानें जा सकती थीं। उस लिहाज से पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *