योगी को मिला शरद पवार का साथ 

मुंबई 
एनसीपी चीफ शरद पवार ने जनसंख्या नियंत्रण पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चिंता का समर्थन कर दिया है। रविवार को पवार ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था बचाने, बेहतर जीवन स्तर और संतुलित पर्यावरण के लिए जनसंख्या पर नियंत्रण होना जरूरी है। गौतलब है कि पवार का बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित जनसंख्या नियंत्रण विधेयक को लेकर योगी आदित्यनाथ की सरकार सुर्खियों में है।
 
विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने कहा है कि 'राष्ट्र की अर्थव्यवस्था की स्थिरता बनाए रखने, सकल राष्ट्रीय आय, स्वस्थ जीवन स्तर और संतुलित पर्यावरण के लिए जनसंख्या नियंत्रण का संदेश दूर तक और विस्तार से देने की जरूरत है। विश्व जनसंख्या दिवस पर सभी जागरूक नागरिक को यह वादा करना चाहिए कि वह जनसंख्या नियंत्रण में योगदान देंगे।' गौरतलब है कि रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को बढ़ती जनसंख्या की वजह से पैदा हो रही समस्याओं के प्रति जागरूक करने की कोशिश की है।
  
योगी आदित्यनाथ ने एक बयान में कहा है कि 'बढ़ती हुई जनसंख्या समाज में मौजूद असमानता समेत कई बड़ी समस्याओं की जड़ है। बेहतर समाज की स्थापना के लिए जनसंख्या नियंत्रण प्राथमिक शर्त है। विश्व जनसंख्या दिवस पर वचन लें कि हम खुद को, अपने समाज को बढ़ती हुई आबादी की वजह से पैदा होने वाली समस्याओं के प्रति जागरूक करेंगे।' बता दें कि उत्तर प्रदेश लॉ कमीशन के चेयरमैन आदित्य नाथ मित्तल ने शनिवार को कहा था कि राज्य में प्रस्तावित जनसंख्या नियंत्रण विधेयक के मुताबिक जो दंपति दो-बच्चे की नीति का पालन करेंगे, उन्हें सरकारी लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *