शत प्रतिशत दिव्यांग जन का टीकाकरण सुनिश्चित करें

भोपाल

नि:शक्तजन आयुक्त संदीप रजक और उप सचिव सामाजिक न्याय एवं नि:शक्त कल्याण बूटा सिंह इवने ने शनिवार को हरदा कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के सभी ज़िला अधिकारी एवं कर्मचारियों की एडवोकेसी बैठक सामाजिक न्याय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को दिए जाने वाले लाभ और सहायता की जानकारी ली। आयुक्त रजक ने निर्देश दिए कि सामाजिक न्याय योजनाओं में कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए मैदानी अमला पूरी सजगता से कार्य करे। यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई कठिनाई आ रही है तो उसका निराकरण किया जायेगा।

बैठकों में दिव्यांगजनों को मिलने वाले लाभों की भी गहनता से समीक्षा की गयी। साथ ही सभी दिव्यांगों के यूडीआईडी कार्ड शतप्रतिशत बनने पर कार्य की सराहना की गई। रजक ने बताया कि भविष्य में शासन की समस्त योजनाओं का लाभ दिव्यांग जन को यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से ही दिया जाएगा, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि प्रत्येक दिव्यांगजन का यूडीआईडी कार्ड बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में नि:शक्त कल्याण शिविर आयोजित कर पात्र दिव्यांगों को आवश्यक सहयोगी उपकरण एवं अन्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं लोक निर्माण इकाई के अधिकारियों को शासकीय भवनों में दिव्यांग जन के लिए रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पुराने भवनों में भी रैंप की स्थिति को सुव्यवस्थित किया जाए, इसके साथ ही सभी नए बनने वाले भवनों तथा सभी थानों में दिव्यांग जन की सुविधा हेतु मानकों के अनुरूप रैंप का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय कार्यालय में एक-एक व्हीलचेयर होना जरूरी है, जिससे कि शासकीय विभागों में आने पर दिव्यांग जन को कोई असुविधा न हो, यह उस विभाग के विभाग प्रमुख सुनिश्चित करें । कोई भी दिव्यांग पेंशन के लाभ से वंचित न रहे एवं पेंशन योजना के बारे में सभी शासकीय संस्थाओं में इसका प्रचार किया जाए। शत प्रतिशत दिव्यांग जन को टीकाकरण कराया जाए, इसकी व्यवस्थित योजना बनाई जाए।

बैठक में  कलेक्टर संजय गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार अग्रवाल, मुख्य कार्य पालन अधिकारी जिला पंचायत रामकुमार शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *