RTE के लिए 14 हजार 200 आवेदन मिले , 16 को खुलेगी लाटरी

इंदौर
 शिक्षा का अधिकार आरटीई कानून के तहत निजी स्कूलों में कमजोर वर्ग के बच्चों को पढ़ाने के लिए इस साल अब तक करीब 14 हजार 200 आवेदन मिल गए है। जबकि जिले में 12 हजार 816 सीटें खाली है। पहली बार उपलब्ध सीटों से ज्यादा के आवेदन आए है। 16 जुलाई को बच्चों का चयन लाटरी के माध्यम से किया जाएगा।

जिला परियोजना समन्वयक अक्षय सिंह राठौर ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के बाद बच्चे के अभिभावक को आवेदन में दर्ज की जानकारी के दस्तावेज शनिवार तक सत्यापन कराना है। अभिभावक आवेदन में दिए गए दस्तावेजों की मूल प्रति को निकट के जनशिक्षा केंद्र ले जाकर सत्यापन करवा लें। दस्तावेज का सत्यापन नहीं कराने पर आवेदन निरस्त हो जाएगा। कोविड-19 के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सत्यापन के लिए बच्चों को सत्यापन केंद्र ले जाने की आवश्यकता नहीं है। पालक वर्तमान में मध्यप्रदेश में जिस जिले में है, उसी जिले में निकट के जनशिक्षा केंद्र में जाकर सत्यापन करा सकते हैं।

सत्यापनकर्ता अधिकारियों को मोबाइल एप से सत्यापन करने की पारदर्शी व्यवस्था प्रारंभ की गई हैं। सत्यापन के बाद तुरंत ही पालक को पात्र अथवा अपात्र होने की सूचना एसएमएस से भेजी जा रही हैं। राठौर ने बताया कि पहली बार उपलब्ध सीटों से ज्यादा आवदेन मिले हैं। इस बार पालकों की सुविधा के लिए अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया गया था। पहले यह तिथि 30 जून थी,जिसे आगे बढ़ाकर नौ जुलाई किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *