खेल मंत्री और नगरीय विकास मंत्री ने किया बामोरा के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का वर्चुअल भूमि-पूजन

भोपाल

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया तथा नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने सागर जिले के बामोरा में निर्माण किये जाने वाले स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का वर्चुअल माध्यम से भूमि-पूजन किया। लगभग 5.630 हेक्टयर भूमि पर 5 करोड़ 90 लाख की लागत से निर्मित होने वाले स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को म.प्र. पुलिस हाउसिंग एण्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा तैयार किया जायेगा। इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में बेडमिंटन कोर्ट, फुटबाल, एथलेटिक्स ट्रेक, बॉस्केटबॉल, व्हालीबॉल, टेबिल-टेनिस, जिम, स्टोर आदि की सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी।

सभी जिला मुख्यालयों में बनेगा इंडोर/आउटडोर स्टेडियम

खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि हमारी यह कोशिश रहेगी कि भविष्य में सभी जिला मुख्यालयों पर युवाओं और खिलाड़ियों के लिये इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम बने। इससे हर मौसम में खिलाडी अपने प्रशिक्षण को निर्विघ्न जारी रख सकेगें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुसार हम प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अधोसंरचना और आधुनिक तकनीकों से लैस स्टेडियम की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये प्रतिबद्ध हैं। खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि भूमि-पूजन के पश्चात् तत्काल ही गुणवत्तापूर्ण बाउण्ड्री-वॉल का कार्य शुरू करवायें, जिससे अतिक्रमण न हो सके।

बचपन का सपना हो रहा पूरा

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बचपन का सपना था कि स्टेडियम का निर्माण हो, आज वह पूरा हो रहा है। सिंह ने कहा कि यह सागर का सबसे आधुनिक स्टेडियम होगा। इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स से युवाओं को लाभ मिलेगा। युवाओं को गति प्रदान करेगा। सिंह ने कहा कि खेल के क्षेत्र में आज प्रदेश अग्रणी है। इन प्रयासों और सुविधाओं से छुपी प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक नरयावली प्रदीप लारिया अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती दिव्या अशोक सिंह सहित अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *