राजकुमार सिंह का कद बढ़ा, दो नए चेहरों के साथ बिहार से मोदी मंत्रिपरिषद में छह का कोटा कायम

पटना 
पीएम नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के पहले विस्तार में जदयू भी मंत्रिमंडल में शामिल हो गया। बिहार से दो नए चेहरों में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह और लोजपा के एक गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को मोदी मंत्रिपरिषद में जगह मिली है। जबकि पटना साहिब से भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद की छुट्टी कर दी गई है। केंद्र में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार राजकुमार सिंह का कद बढ़ा है और उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। रामचंद्र प्रसाद सिंह और राजकुमार सिंह आईएएस अधिकारी रहे हैं। 

मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही बिहार से मंत्रियों की संख्या फिर छह हो गई है। पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रिमंडल में भी बिहार से छह मंत्री थे। रामविलास पासवान के निधन के बाद यह संख्या घटकर पांच रह गई थी। स्व. पासवान की जगह पशुपति कुमार पारस ने ली है। इस तरह रविशंकर प्रसाद के हटने से बिहार से मंत्रियों की संख्या छह ही रह गई है।

जदयू पहली बार मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुआ है। वर्ष 2019 में मंत्रिमंडल के गठन के समय आनुपातिक प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से जदयू ने मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होने का फैसला लिया था। लेकिन इस बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विस्तार से एक दिन पहले ही यह साफ कर दिया था कि पुरानी बात खत्म हो गई है। आरसीपी सिंह को पार्टी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने पर फैसला लेने के लिए अधिकृत कर दिया है। आरसीपी सिंह ने कहा था कि सहयोगी दल के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से गठबंधन में सद्भाव और बढ़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *