आत्म-निभर्रता के संस्कार पोषित करें : श्रीमती पटेल

भोपाल

राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि बालिकाओं में आत्म-निर्भरता के संस्कार पोषित किए जाए। उन्हें हुनरमंद बना कर स्वावलंबी होने के लिए प्रेरित किया जाए। श्रीमती पटेल आज महिला सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित बाल गृह बालिका के रहवासियों और स्टाफ से चर्चा कर रही थी। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने भोपाल शहर की चार समाज- सेवी संस्थाओं को उनकी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त कर उन्हें लगभग 7 लाख रुपए की सामग्री प्रदान की है।

राज्यपाल श्रीमती पटेल ने कहा कि सुरक्षित भविष्य के लिए नियमित दिनचर्या का होना अनिवार्य है। शिक्षा अपरिहार्य है। बालिकाओं के सुरक्षित और सुखद भविष्य का आधार शिक्षा है। स्वावलंबी महिला को परिवार, समाज और सभी जगह सम्मान मिलता है। बालिका गृह की समस्त बालिकाओं के लिए नियमित शिक्षण के अतिरिक्त पढ़ाई और योगाभ्यास के समय निर्धारित किए जाएं। पढ़ाई के साथ हुनर का होना भी जरुरी है। उन्होंने निर्देशित किया कि सिलाई, कढ़ाई आदि हुनर सीखने वाली बालिकाओं को प्रमाणीकरण परीक्षाओं में शामिल कराया जाए।

राज्यपाल ने कहा कि संस्था का स्टाफ रहवासी बालिकाओं का केयर टेकर है। उनके साथ इसी भावना के साथ व्यवहार करें। परिवार की तरह उनकी देखभाल करें। उनका भरोसा जीतें। निरंतर सहयोग और संवाद के साथ उनकी समस्याओं और उनकी मन: स्थिति को समझें। उनकी कांउसिल करें ताकि उनमें आत्म-निर्भरता और स्वावलम्बन के भाव पैदा हों। उन्होंने संस्था के समस्त स्टाफ से चर्चा के दौरान कहा कि वे एक परिवार के समान संरक्षण गृह की व्यवस्थाओं का संचालन करें। सारे कर्मचारी स्नातक तक शिक्षित होने की जानकारी मिलने पर, उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी रुचि के अनुसार बालिकाओं को पढ़ाए। पाँच-पाँच बालिकाओं के समूह बनाकर उनके साथ चर्चा करें। उनकी देखभाल करें। उनकी अभिरुचियों को प्रोत्साहित करें। इस अवसर पर उपस्थित महिला अधिकारियों को संरक्षण गृह के सम्पर्क में रहने और बालिकाओं को स्वयं के उदाहरण से प्रेरित करने के लिए कहा।

श्रीमती पटेल ने रहवासी बालिकाओं से उनकी दिनचर्या के संबंध में चर्चा की। राज्यपाल ने बालिका गृह के संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। स्टोर, टॉयलेट, किचन, शयन-स्थल, का अवलोकन किया। स्मार्ट क्लास, खेल, भोजन निर्माण, स्वच्छता सामग्री, संबंधी उपकरणों की उपलब्धता और रख-रखाव की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्टोर में अनुपयोगी सामग्री को विनिष्ट कर व्यवस्थित स्वरुप में करने के निर्देश दिए।

प्रारम्भ में राज्यपाल के स्वागत में लता और शिवानी ने माँ सरस्वती की वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बाल गृह की बालिका कुमारी कीर्ति राणा और पायल राठौर ने श्रीमती पटेल को तुलसी का पौधा भेंट किया। सलोनी विश्वकर्मा ने कविता "जागो और जगाओ" का पाठ किया। राज्यपाल ने बाल गृह को एक वाटर कूलर, तीन एयर कूलर और चार सिलाई मशीने भेंट की। कुमारी रिया और दिया ने राज्यपाल को पुस्तकें भेंट कीं।

राजभवन के अधिकारियों ने अन्य संस्थाओं को प्रदान की सामग्री

इस अवसर पर राज्यपाल की ओर से राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री डी.पी. आहूजा ने शासकीय बालिका पश्चातवर्ती देख-रेख गृह अरेरा कॉलोनी को 3 लाख 76 हजार रुपए की सामग्री प्रदान की। इसमें 10 डबल बेड, टीवी, अलमीरा, सेनेटरी पेड मशीन, 3 कूलर शामिल हैं। इसी तरह राज्यपाल के अपर सचिव श्री मनोज खत्री ने अपना घर सर्वधर्म कोलार को फ्रिज और वाटर कूलर प्रदान किए। राज्यपाल के विधि अधिकारी श्री डी.पी.एस. गौर ने आनंद धाम वृद्धाश्रम भोपाल को 30 हजार रुपए का वाटर कूलर मशीन प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *