हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की हत्या

पोर्ट ऑ प्रिंस
 कैरेबियाई राष्‍ट्र हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की हत्या कर दी गई है। इसकी जानकारी देश के अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ ने दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रपति की हत्या उनके आवास पर की गई है। उधर, अंतरिम प्रधानमंत्री ने कहा है कि राष्‍ट्रपति पर घातक हमला बुधवार की सुबह हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ अज्ञात लोगों ने राष्ट्रपति आवास में जाकर उन पर हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह जख्‍मी हो गए थे। कहा जा रहा है कि हमलावरों में से कुछ स्पैनिश भाषा बोल रहे थे।

क्लाउड जोसेफ ने इसकी कड़े शब्‍दों में निंदा की

क्लाउड जोसेफ ने कहा कि कि देश की प्रथम महिला को भी गोली मारी गई है, लेकिन इस हमले में उनकी जान बच गई है। उन्‍होंने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। जोसेफ ने इसे एक घिनौना और अमानवीय कृत्‍य करार दिया है। उन्‍होंने देश की जनता से अपील की है कि वह अपना संयम बनाए रखे। जोसेफ ने कहा है कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी तरह के उपाय किए गए हैं। लोकतंत्र की जीत होगी।

फरवरी में हैती में तख्तापलट की साजिश हुई थी

बता दें कि म्यांमार के बाद फरवरी में एक और देश हैती में तख्तापलट की साजिश हुई थी। यहां के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे ने यह दावा किया था। उस वक्‍त पुलिस ने 20 से अधिक ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया था। उन्‍होंने कहा कि वह उनकी हत्या करना चाहते थे और फिर देश में तख्तापलट करने की कोशिश में जुटे हुए थे। राष्ट्रपति जोवेनल ने दावा किया था कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश करने का आरोप है और ये सभी लोग उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश में जुटे हुए हैं। खास बात यह है कि गिरफ्तार लोगों में सुप्रीम कोर्ट के एक जज भी शामिल हैं, जिन्हें विपक्षी नेताओं का समर्थन प्राप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *