मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में यूपी से कितने बनेंगे मंत्री ?  

 लखनऊ 
मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार आज शाम को होना है। लोगों की नजरें इस बात पर लगी है कि यूपी से किसे मंत्री बनाया जा रहा है। वैसे सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रदेश से तीन नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। इनमें सहयोगी दल से दो और एक भाजपा से हो सकता है। अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए माना जा रहा है ब्राह्णण, ओबीसी और दलित चेहरे को जगह मिलेगी। 
 
बीजेपी की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का नाम पहले से ही मंत्री के लिए तय माना जा रहा है। दूसरे सहयोगी निषाद पार्टी के इकलौते सांसद प्रवीण निषाद भी मंत्री बनाए जा सकते हैं। इनके अलावा सांसद रीता बहुगुणा जोशी या सीमा द्विवेदी में से किसी एक को मंत्री का ओहदा मिलने की चर्चाएं भी तेज हैं। 
 
केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के नजरिए से अहम माना जा रहा है। विस्तार के माध्यम से भाजपा कुछ खास जाति-वर्ग के मतदाताओं के बीच बड़ा मैसेज देना चाहेगी। इस विस्तार में पहले से मंत्रिमंडल में शामिल प्रदेश के एक मंत्री की छुट्टी होने की चर्चाएं भी चल रही हैं। उन्हीं की जाति से दूसरे को मंत्री बनाया जा सकता है।  विस्तार में सबसे मजबूत दावेदारी अनुप्रिया पटेल की पहले से ही बनी हुई है। सूत्र बताते हैं कि समय-समय पर भाजपा के शीर्ष नेता उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने का आश्वासन देते रहे हैं। प्रवीण निषाद को निषाद मतों को भाजपा से एकजुट जोड़े रखने के लिए मंत्री पद दिया जा सकता है। वहीं ब्राम्हण वर्ग से केंद्र सरकार में प्रदेश से इस बार किसी महिला को मंत्री का ओहदा देने की चर्चाएं तेजी से चल रही हैं। ऐसे में रीता बहुगुणा जोशी और सीमा द्विवेदी का नाम उभरकर सामने आया है। यह दोनों महिलाएं प्रदेश की राजनीति में मजबूत पैठ के लिए जानी जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *