अब विकास के मामले में अग्रणी होगा बाढ़डा, कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी: उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

चंडीगढ़
बाढ़डा को नगर पालिका का दर्जा दिलाने और दादरी लघु सचिवालय की ग्रांट जारी करने के लिए बाढ़डावासियों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का आभार जताया है। मंगलवार को बाढ़डा से सैकड़ों गणमान्य लोग डिप्टी सीएम का धन्यवाद करने के लिए जेजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस अवसर पर बाढ़डा ग्राम पंचायत के सभी पूर्व सरपंचों ने दादरी से जेजेपी जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका व व्यापार मंडल प्रधान एवं बाढ़डा निवर्तमान सरपंच प्रतिनिधि राम किशन के नेतृत्व में डिप्टी सीएम को पगड़ी पहनाकर व स्मृतिचिन्ह भेंट करके उन्हें सम्मानित किया। उपस्थित गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि विकास के मामले में बाढ़डा विधानसभा क्षेत्र में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़डा को नगरपालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र विकास की नई उंचाईयों को छूएगा। 

डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछले काफी समय से बाढ़डा के विकास को लेकर विभिन्न मांगें उनके समक्ष आ रही थी परंतु ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण बड़ी विकास परियोजनाओं को धरातल पर अमली जामा पहनाना कठिन था। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए कुछ समय पहले ही पंचकुला में बाढ़डा हलके के कार्यकर्ताओं की हुई बैठक में बाढ़डा को नगरपालिका बनाने के लिए क्षेत्रवासियों के सामने सुझाव रखा गया, जिससे क्षेत्रवासियों के सहयोग से थोड़े समय में ही मुकाम हासिल हुआ। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हमारा प्रयास है कि बाढ़डा को शहर की तर्ज पर विकसित किया जाए और इसके लिए हम निरंतर कार्य कर रहे है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *