गृह मंत्री नरोत्तम की फिल्मकारों को चेतावनी, हिंदू देवी-देवताओं को टारगेट कर न बनाएं फिल्म

भोपाल
वेब सीरीज सत्यनारायण की कथा को लेकर प्रदेश सरकार सख्त हो गई है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फिल्म निर्माता निर्देशकों को चेतावनी दी है कि हिंदू देवी देवताओं को टारगेट कर फिल्म न बनाएं तो अच्छा होगा। हिंदू धर्म के देवी-देवता सॉफ्ट टारगेट नहीं है। उन्होंने कहा कि फिल्म सत्यनारायण की कथा के मामले में डीजीपी को परीक्षण करवाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।  गौरतलब है कि साजिद नाडियाडवाला की इस फिल्म के नाम को लेकर विवाद चल रहा है।

विवाद के चलते रविवार को कुछ संगठनों ने भोपाल में फिल्म के निर्माता और निर्देशक की शिकायत पुलिस से की है।  अब इस मामले में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा सख्त हो गए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि फिल्म निर्माता- निर्देशक हिंदू देवी देवताओं को सॉफ्ट टारगेट करना बंद करें। उन्होंने कहा कि निर्माता-निर्देशक  किसी और धर्म पर नहीं लिख सकते, न ही इन्होंने कभी अल्पसंख्यकों पर कोई फिल्म बनाई। ये ऐसा नहीं कर सकते हैं। सबसे सॉफ्ट टारगेट हिंदू देवी-देवता ही लगते हैं। डीजीपी को कहूंगा कि इसका परीक्षण करवांए और देखे की इस पर क्या कार्रवाई की जा सकती है। हम इस पर कार्रवाई करेंगे।

फिल्म सत्यनारायण की कथा पर विरोध के बाद अब इसका नाम बदला जा रहा है। इस बात की जानकारी फिल्म के निर्देशक समीर विद्वान ने अपने ट्विटर पर एक पोस्ट साझा कर दी है। उन्होंने लिखा, फिल्म का नाम बदलने के फैसला लोगों की आहत हो रही भावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। निर्देशक ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, एक फिल्म का टाइटल कुछ ऐसा है जो रचनात्मक प्रक्रिया के माध्यम से व्यवस्थित रूप से उभरता है। हमनें भावनाओं को आहत करने से बचने के लिए हाल ही में घोषित अपनी फिल्म ‘सत्यनारायण की कथा’ के टाइटल को बदलने का फैसला किया है। फिल्म के निमार्ता और क्रिएटिव टीम भी इस फैसले के पूरे समर्थन में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *