उत्तराखंड के नए CM पुष्कर सिंह धामी का सागर जिले से गहरा नाता

सागर
उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सागर जिले से गहरा नाता रहा है। केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई के अलावा वह आरएसएस से जुड़े रहे और इस दौरान पूर्व मंत्री स्व. हरनाम सिंह राठौर के परिवार से उनका जुड़ाव रहा है। सागर के इस होनहार छात्र के आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनने से एक बार फिर पूरे देश में सागर का नाम भी रोशन हुआ है।

जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के नए सीएम पुष्कर सिंह धामी के पिता आर्मी में सागर में पदस्थ रहे और वर्ष 1993-94 के दौरान केंद्रीय विद्यालय सागर में पढ़ाई हुई। वह यहां पढ़ाई के साथ-साथ छात्र राजनीति से भी जुड़े रहे हैं। कई मामलों व पार्टी की गतिविधियों में वह हमेशा आगे रहे हैं। उनकी शिक्षा सागर केंद्रीय विद्यालय में हुई है और शांत स्वभाव के कारण उनका ज्यादा किसी से मेल मिलाप नहीं रहा, लेकिन आरएसएस से जुड़े होने के कारण पुष्कर का पूर्व मंत्री स्व. हरनाम सिंह राठौर के घर अक्सर आना-जाना लगा रहता था।

इस दौरान पुष्कर सिंह की दोस्ती हरनाम सिंह राठौर के पुत्र हरवंश राठौर से हो गई। यह दोस्ती इतनी गहरी हुई कि सेना में पदस्थ पुष्कर के पिता का सागर से स्थानांतरण हो जाने के बाद भी उनका सागर में राठौर परिवार में आना होता रहा। पूर्व विधायक राठौर के साथ भोपाल में वह पार्टी के कई कार्यक्रमों में सहभागिता कर चुके हैं। धामी ने उत्तराखंड युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राठौर को अपने कार्यक्रमों में अतिथि के रूप में शामिल किया था। वहीं पुष्कर के पहली बार चुनाव लड़ने के दौरान राठौर परिवार के सदस्य भी उनके चुनाव प्रचार में साथ रहे।

हरवंश राठौर जब बंडा से विधायक चुने गए तो उन्होंने फोन पर बधाई दी थी। श्री राठौर के अलावा सत्यपाल सिकरवार और पुष्कर घूमने, सैर सपाटे के लिए एक साथ ही जाते थे। सत्यपाल सिकरवार से पारिवारिक जुड़ाव इतना गहरा है कि उनके यहां पुष्कर का आना जाना अभी भी होता है दोनों विधायक रहते हुए एक दूसरे के घर आते जाते रहे। पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनने पर हरवंश राठौर व उनकेे अन्य मित्रों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा है कि पुष्कर धामी के मुख्यमंत्री बनने से युवाओं को सेवा भावना के लिए राजनीति में आने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *