CM योगी ने कहा- यूपी को बनाएंगे देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था, अब विकास की राह पर प्रदेश

गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अगले पांच वर्षों में यूपी को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाएंगे। इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। अभी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। बड़ी ढांचागत परियोजना व पारदर्शी निवेश से अर्थव्यवस्था में सुधार का सिलसिला जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में करीब 162 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। साथ ही कहा कि पहले यूपी का नाम सुनते ही बाहर के लोग हंसने लगते थे। नकारात्मक धारणा बनी थी। पिछले साढ़े चार वर्षों में हमने इस धारणा को तोड़ा है। अब यूपी मॉडल की तारीफ सब जगह होती है। यूपी में भाजपा सरकार बनने से पहले व्यापारियों, उद्योगपतियों के अपहरण की घटनाएं होती थीं।

उद्योग लगने से पहले वसूली का धंधा चलता था। उन्होंने कहा कि जब अराजकता का माहौल हो तो निवेश कैैैसे आएगा। अब स्थितियां बदल गई हैं। यूपी में कानून का राज है। यहां कानून व्यवस्था पूरे देश में सबसे अच्छी है। अपराधी या तो प्रदेश छोड़ चुके हैं या जेलों में हैं। उद्योगपतियों को सुरक्षा के माहौल के साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए नौकरशाही के मकड़जाल से मुक्ति दिलाई गई है। इसी का नतीजा है कि प्रदेश में 4.50 लाख करोड़ का निवेश हुआ है। 1.5 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016 तक ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में उत्तर प्रदेश की रैंकिंग देश में 16वीं थी, अब दो है। पूरा भरोसा है कि नई रैंकिंग में यूपी को पहला स्थान मिलेगा। निवेश और विकास परियोजनाएं बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का माध्यम बनती हैं। अच्छे निवेश का नतीजा है कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य में बेरोजगारी की दर सबसे कम है। चुनौतियों के बीच भी विकास का पहिया नहीं थमा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी क्षेत्र में बीते साढ़े चार सालों के दौरान सवा चार लाख युवाओं को नौकरी दी गईं हैं। पहली बार ऐसा हुआ कि पारदर्शी प्रणाली से किसी भी चयन आयोग पर कोई अंगुली नहीं उठी है। पहले की सरकारों में सरकारी नौकरी वसूली का जरिया बन जाती थी। हम युवाओं को नौकरी भी दे रहे हैं और नौकरी की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग की सुविधा भी। हर मंडल में अभ्युदय कोचिंग शुरू की गई है।

सीएम ने कहा कि सवा साल से देश और पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में कोरोना के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी जा रही है। देश और दुनिया के आंकड़ों को देखेंगे तो पाएंगे कि उत्तर प्रदेश कोरोना से सबसे ज्यादा सुरक्षित स्थिति में है। हमने कोरोना की चुनौती से निपटने के साथ ही जीवन के साथ जीविका बचाने के उद्देश्य से काम किया है। इसका सकारात्मक परिणाम सामने है।

शिलान्यास व लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से निराश्रित हुई महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार ठोस योजना पर काम कर रही है। ऐसी महिलाओं के लिए तत्काल पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिस तरह से निराश्रित बच्चों की व्यवस्था की गई है, वैसी ही व्यवस्था महिलाओं के लिए भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *