बारंगा को शत प्रतिशत सोलर ऊर्जा उपयोग करने वाला ग्राम बनाया जाएगा- मंत्री पटेल

भोपाल
भावी पीढ़ी को बेहतर पर्यावरण प्रदान करने के लिए जरूरी है कि हम सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग को बढ़ावा दें।  किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हरदा जिले के बारंगा को शत- प्रतिशत सौर ऊर्जा का उपयोग करने वाला ग्राम बनाने का संकल्प सभी को दिलाया।

मनुष्य के द्वारा वर्तमान समय में जिस प्रकार से डीजल, पेट्रोल, गैस व लकड़ी का उपयोग ईधन के रूप में किया जा रहा है, उससे भविष्य में आने वाली पीढ़ियों के लिए ईंधन की समस्या उत्पन्न हो जाना स्वभाविक है। मंत्री पटेल रविवार को हरदा जिले के ग्राम बारंगा में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने खिरकिया विकासखंड के किसानों को अधिक से अधिक सोलर पंप लगाने हेतु प्रेरित किया।

 कार्यक्रम में प्रो. चेतन सिंह सोलंकी ने सौर ऊर्जा के महत्व को बताते हुए कहा कि मनुष्य के द्वारा एक सेकंड में 13 लाख किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन किया जा रहा है, जिससे पृथ्वी का तापमान औसतन 1.1 डिग्री बढ़ चुका है और जिस दिन पृथ्वी का तापमान औसतन 2 डिग्री बढ़ जाएगा, उस दिन मानव जाति का जीवन संकट में पड़ सकता है, इसलिए हम सबको सौर ऊर्जा को अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीष निशोद, जनपद अध्यक्ष जगदीश सोलंकी, जनपद उपाध्यक्ष सुदीप पटेल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *