हाल के डेटा के आधार पर डॉ. एंथनी फाउची ने बताया 99% मृतकों ने नहीं लगवाई थी वैक्सीन

लंदन
दुनियाभर में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है. अब तकरीबन हर देश में वैक्सीन पहुंच चुकी है और लोगों का टीकाकरण हो रहा है. इस बीच, अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ का कहना है कि हाल ही में कोरोना वायरस से मरने वालों में से 99.2 फीसदी ऐसे लोग थे, जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई थी. डॉ. एंथनी फाउची ने कहा कि यह काफी दुखद है कि इसमें ज्यादातर को टाला जा सकता था.

फाउची ने एनबीसी के 'मीट द प्रेस' को बताया कि यह निराशाजनक है, जहां आपके पास एक भयंकर दुश्मन कोरोना वायरस के रूप में है. हमारे पास उसकी काट भी मौजूद है, जोकि काफी प्रभावी है और यही वजह है कि यह और भी दुखद है कि इसे पूरी तरह से देश में लागू क्यों नहीं किया जा रहा है.

एजेंसी के अनुसार, अमेरिकी टॉप एक्सपर्ट ने कुछ अमेरिकियों द्वारा टीके के विरोध के कारणों का हवाला देते हुए कहा कि कुछ वैचारिक हैं तो कुछ केवल वैक्सीन या विज्ञान विरोधी हैं. उनका कहना है कि देश के पास महामारी का मुकाबला करने के लिए टूल है और वह लोगों से उन सभी मतभेदों को दूर करने के लिए कहेंगे कि वह समझें कि सभी का दुश्मन यह वायरस है.

उन्होंने कहा कि अमेरिका बहुत भाग्यशाली है कि उसके पास देश में अनिवार्य रूप से सभी को टीका लगाने के लिए पर्याप्त टीके हैं. दुनियाभर में ऐसे लोग भी हैं जो वैक्सीन पाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं. बता दें कि अमेरिका में कोरोना ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया है. दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा मौतें अमेरिका में ही हुई हैं. अब तक 605,000 से अधिक मौतें दर्ज की जा चुकी हैं.

वहीं, कोरोना वैक्सीनेशन के मामले में भी अमेरिका काफी आगे है. रोजाना बड़ी संख्या में अमेरिका में कोरोना का टीका लगाया जा रहा है. आंकड़ों के अनुसार, अब तक अमेरिका में 33 करोड़ कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है. 15 करोड़ से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोजेज लग चुकी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *