कांग्रेस नेताओं की कमेटी ने पूरी की जांच, नेमावर हत्याकांड को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस

भोपाल
देवास जिले के नेमावर में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या के मामले को विपक्ष बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में हैं। इसके चलते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सोमवार को नेमावर पहुंच रहे हैं। वे यहां पर पीड़ित परिजनों से मुलाकात करेंगे। नाथ के पहुंचने की खबर लगते ही यहां पर आसपास के कई जिलों के कांग्रेस नेता भी पहुंचेंगे।

नेमावर हत्याकांड का खुलासा होने के बाद कांग्रेस इस मामले पर लगातार सक्रिय है। कमलनाथ ने दिल्ली से ही इस हत्याकांड की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की एक कमेटी बनाई थी। कमेटी वहां का दौरा कर आ चुकी है। अब वह जल्द ही यहां की रिपोर्ट कमलनाथ को सौंपेगी। हालांकि कमेटी के सदस्यों ने कमलनाथ को इस घटना से जुड़े सभी तथ्य बता दिए हैं। इसके बाद कमलनाथ ने दिल्ली से सीधे नेमावर पहुंचने का कार्यक्रम बनाया है।

इस मामले को सरकार भी गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री ने इस मामले पर डीजीपी सहित अन्य अफसरों की बैठक बुलाई थी। जिसमें उन्होंने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने के निर्देश दिए। सीएम की निर्देश के बाद ही आरोपियों के मकान तोड़े गए।

देवास पुलिस ने भले ही इस मामले के सभी आरोपियों को पकड़ लिया हो और आरोपियों के मकान तोड़ दिए हो,  लेकिन इस मामले में उसकी लापरवाही कम नहीं है। डेढ़ महीने तक पुलिस को यह पता ही नहीं चला कि नेमावर के एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर जमीन में गाड़ दिया गया है। पुलिस की इस लापरवाही को लेकर यहां के लोग सड़क पर उतरे थे। पांचों मृतक आदिवासी परिवार के है, इसलिए इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश सरकार को घेरने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *