प्रदेश में एक दिन में 25 करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे

लखनऊ
प्रदेश में कल रविवार 04 जुलाई, 2021 को एक दिन में 25 करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे। राज्यपाल श्रीमती आनन्दीबेन पटेल जनपद झांसी में तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनपद सुल्तानपुर में इस अवसर पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। सभी जनपदों के प्रभारी मंत्रिगण अपने-अपने जनपद में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

यह जानकारी आज यहां देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत वर्ष 2021 में 30 करोड़ पौधों को रोपित करने का लक्ष्य है। इसके अन्तर्गत 25 करोड़ पौधे कल 04 जुलाई को तथा शेष 05 करोड़ पौधों को जुलाई माह में वर्षा के अनुसार रोपित किया जाना लक्षित है।

प्रदेश में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम हेतु शासन द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को जनपदवार नोडल अधिकारी नामित किया गया है। यह अधिकारीगण कल 04 जुलाई को आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम हेतु आवंटित जनपद में पौधरोपण कार्यक्रम का अनुश्रवण करेंगे। कोविड संक्रमण की रोकथाम हेतु भारत सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न कराया जाएगा।

वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने प्रतिवर्ष वृक्षारोपण के एक सुनिश्चित अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। वृक्षारोपण के इस अभियान को पूरा करने के लिए प्रत्येक वर्ष वृहद वृक्षारोपण का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। वर्ष 2017-18 में 5.71 करोड़ तथा वर्ष 2018-19 में 11.77 करोड़ पौधे रोपित किए गए। वर्ष 2019-20 में 22.59 करोड़ पौधों का रोपण किया गया। वर्ष 2020-21 में कोरोना महामारी की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद 25.87 करोड़ पौधे रोपित किए गए। वर्तमान वर्ष 2021-22 में 30 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य है। नागरिकों एवं किसानों ने वृक्षारोपण अभियान में सहयोग प्रदान करते हुए इसी अवधि में 05 करोड़ पौधे रोपित किए हैं। इस प्रकार वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश में 100 करोड़ पौधों का रोपण सम्भव हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *