बुजुर्ग रामबाई के घर बिजली बिल 2 लाख 48 हजार, ऊर्जा मंत्री ने लिया संज्ञान

गुना
 एक बुजुर्ग गरीब महिला को करीब ढाई लाख रुपए बिजली बिल थमाने का मामला मप्र के ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर तक पहुंच गया। मंत्रीजी ने मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए बिजली कम्पनियों के अधिकारियों को बिल दुरस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद शनिवार को कम्पनी के अधिकारी रामबाई के घर पहुंचे और मौके से ही महिला की ऊर्जा मंत्री से फोन पर बात भी कराई। बता दें कि इस समय ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर गुना जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। ऐसे में उनके प्रभार वाले जिले में एक झोपड़ी में रहने वाली वृद्धा रामबाई को ढाई लाख रुपए का बिल देने का मामला तूल पकड़ रहा था।

मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को जब इस मामले की जानकारी लगी तो उन्होंने व्यक्तिगत रूप से बिजली कम्पनियों के अधिकारियों को गड़बड़ी सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बिजली कम्पनी के डीजीएम ने बिल सही करवाया और शनिवार सुबह महिला के घर पहुंच गए। मंत्री तोमर ने रामबाई से फोन पर बात करते हुए बिल सही होने की पुष्टि की और उनके हाल-चाल भी जाने। इस मामले में अधिकारियों ने बताया कि पवन कॉलोनी निवासी इस महिला के घर बिजली से चलने वाले सीमित उपकरण हैं। ऐसे में कम खपत होने से उन्हें प्रतिमाह 100 रुपए का बिल ही भरना पड़ेगा। इससे पहले मीटर में आई तकनीकी खामी की वजह से रामबाई के घर का बिल 2 लाख 48 हजार 818 रुपए आया था। रामबाई यह बिल देखकर परेशानी हो गईं और उन्होंने कम्पनी दफ्तर पहुंचकर गुहार लगाई। कम्पनी अधिकारियों ने माना की तकनीकी गड़बड़ी को सही कर लिया गया है और खुद मंत्रीजी ने भी इसमें दखल देकर जल्द ही गलती को ठीक करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *