CM चौहान ने किया चिकित्सकों का सम्मान, डॉक्टर ने कहा मिलकर करेंगे मानवता की सेवा

भोपाल
डॉक्टर्स डे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के 12 डॉक्टरों को सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोनाकाल में लोगोें का विश्वास सरकारी अस्पतालों पर बढ़ा है। कोरोनाकाल में डॉक्टर्स ने जो योगदान और बलिदान दिया है उसके लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने मिंटो हॉल में आयोजित डॉक्टर्स डे पर सभी डॉक्टरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर्स को लोग भगवान मानते हैं। कई डॉक्टरों को हम बचा नहीं पाए, उनका योगदान और बलिदान  हम कभी भूल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि हमने ऐसे दुश्मन से लड़ाई लड़ी, जिसका कुछ अता-पता नहीं था। डॉक्टरों ने कठिन तपस्या का परिचय दिया। अभी हमें तीसरी लहर का भी सामना करना है। संकट अभी गया नहीं है, मरीज फिर बढ़ने लगे हैं। कई देश अभी भी संकट भुगत रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सबकुछ छोड़ देता हूं पर कोरोना की समीक्षा नहीं छोड़ता। स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाना हमारा परम कर्त्तव्य है, इसमें हम पीछे नहीं रह सकते। 7 मेडिकल कॉलेज बढ़ा रहे हैं। आॅक्सीजन टैंकर के लिए हम रातभर सोए नहीं। अब वैक्सीन लगवाने की होड़ लग गई है। डॉक्टर्स का सम्मान और सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी ने कहा कि डॉक्टरों ने कोरोनाकाल में अपनी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने अपने समर्पण भाव की सेवा से इस कोरोनाकाल में अपनी सेवाएं दीं। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने की जो परिकल्पना की गई है उसमें स्वास्थ्य प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी मेडिकल सुविधाएं बेहतर करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद हेल्थ सेक्टर को कैसे बेहतर बनाया जाए इसके लिए मुख्यमंत्री के साथ मिलकर प्रयास किए हैं।

कोरोनाकाल में डॉक्टरों ने मरीजों के पास रहकर उनका संबल बढ़ाया है और उनके उत्साहवर्धन से मरीजों को नई जिंदगी मिली है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने इस मौके पर कहा कि हमने पृथ्वी पर भगवान के रूप में डॉक्टरों को देखा है। महामारी के इस दौर में इस बीमारी को सरकार ने हराया है। हम तीसरी लहर से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हम सब मिलकर पीड़ित मानवता की सेवा करे यह जरूरी है।

ये डॉक्टर सम्मानित
सम्मानित होने वाले डॉक्टरों में एनपी मिश्रा, एचएच त्रिवेदी, निर्भय श्रीवास्तव, संजय दीक्षित, अनूप निगम, योगेन्द्र श्रीवास्तव, उमेश शारदा, ललित श्रीवास्तव, यशवीर केडिया, डाक्टर सतपती, डॉक्टर एमएल अहिरवार और डॉक्टर एसपी दुबे शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *