पंजाब में बड़े बदलाव की तैयारी में सोनिया गांधी, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर प्रभारी तक होंगे नए

नई दिल्ली चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस की रार को थामने के लिए अब सीधे कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कमान संभाल ली है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी की ओर से जल्दी ही पंजाब के नए कांग्रेस अध्यक्ष और राज्य के प्रभारी का ऐलान किया जा सकता है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बहुत अच्छे संबंध नहीं हैं। इसके अलावा नवजोत सिंह सिद्धू को भी साधने के लिए बदलाव किए जा सकते हैं। बता दें कि सोमवार से ही नवजोत सिंह सिद्धू दिल्ली में डटे हुए हैं। बुधवार को उन्होंने प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी और फिर शाम को राहुल गांधी के घर पर भी पहुंचे थे। दोनों नेताओं के बीच करीब सवा घंटे तक मुलाकात चली थी।

कांग्रेस सूत्रों का मानना है कि जल्दी ही सोनिया गांधी की ओर से पंजाब को लेकर बड़े ऐलान किए जा सकते हैं। राज्य के प्रभारी के तौर पर काम कर रहे हरीश रावत को हटाया जा सकता है। इसकी वजह उत्तराखंड में भी अगले साल होने वाले चुनाव हैं। इस राज्य के वह सीएम रह चुके हैं और अब भी कांग्रेस पार्टी का राज्य में बड़ा चेहरा हैं। उनकी जगह पर जेपी अग्रवाल को पंजाब के प्रभारी की जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि अभी प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी है। इस पद के लिए नवजोत सिंह सिद्धू भी बैटिंग कर रहे हैं। कहा यह भी जा रहा है कि उन्होंने डिप्टी सीएम के पद का ऑफर भी खारिज कर दिया है और इस पद पर अड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *