अध्यक्षीय कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर मरकाम ने कांग्रेसजनों को लिखा भावनात्मक पत्र
रायपुर
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर सभी कांग्रेसजनों को भावनात्मक पत्र लिखा हैं। पत्र में लिखा है कि यह यात्रा मेरे अकेले की नहीं है, यह यात्रा छत्तीसगढ़ प्रदेश के उन हजारों कार्यकतार्ओं की भी है, जिन्होंने मुझे कभी थकने का अहसास न होने दिया।
पत्र में उन्होंने लिखा कि 29 जून को जब मैं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के 2 वर्ष पूर्ण करने जा रहा हूँ तो इस यात्रा में आपका अपनापन, आपकी मेहनत, आपका संघर्ष, आपका समर्पण, आपकी विश्वसनीयता और आपका साथ सब कुछ इस यात्रा के स्थायी चिन्ह हैं। छत्तीसगढ़ में परम श्रद्धेय स्वर्गीय रामानुज लाल यादव, स्व. मोतीलाल वोरा, डॉ चरण दास महंत, धनेंद्र साहू, स्व. नंद कुमार पटेल, भूपेश बघेल जैसे दिग्गजों के बाद सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने जब मुझे इस विरासत को संभालने को अधिकृत किया तब मुझे इस यात्रा के दायित्वों के साथ-साथ चुनौतियों का भी आभास था। आज मैं यह पत्र लिखते हुए भावुक भी हूँ क्योंकि मेरे लिए कोंडागाँव से रायपुर जाना घर से बाहर जाने जैसा हुआ करता था लेकिन आज मैं पूरे प्रदेश में जहां भी रहता हूँ, मुझे हर गांव, हर कस्बा, हर शहर अपना घर लगता है। घर से बाहर जाने जैसी कोई परिस्थिति अब मेरे जीवन का हिस्सा ही नहीं है।
आज मैं कह सकता हूँ कि मुझे कोंडागाँव से रायपुर की यात्रा में पड?े वाली केशकाल घाटी के हर मोड़ का क्रमांक जितना याद है उतना ही मुझे अपने ब्लॉक और जिला का कार्यकर्ता भी याद है, क्योंकि सबने मुझे अपने परिवार का हिस्सा बना लिया है। ऐसे समय में जब राज्य में आप सत्ता पक्ष हों तो संगठन के मुखिया का दायित्व निभाना और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। सरकार से कार्यकतार्ओं की अपेक्षाएं और सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जवाबदेही में सामंजस्य बैठाना सचमुच चुनौती पूर्ण था। लेकिन यह आप सबकी राजनीतिक परिपक्वता और पार्टी के प्रति समर्पण ही है जिसने मुझे इस कार्य में बहुत ज्यादा कठिनाई का अनुभव न होने दिया।
मुख्यमंत्री और तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने नवा छत्तीसगढ़ का संकल्प लेकर कांग्रेस विजय की जो आधारशिला प्रदेश में रखी थी, उसको उत्तरोत्तर मजबूती देना मेरे लिए चुनौती भी थी और दायित्व भी। मुझे कहते हुए गर्व है कि आप सभी कार्यकतार्ओं की मेहनत, साथ और आत्मबल से सबसे पहले दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव, फिर चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव, नगरीय निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव, राज्यसभा चुनाव और फिर ऐतिहासिक मरवाही उपचुनाव को हमने अब तक के सबसे बड़े अंतर से प्रचंड जीत दर्ज की। मेरे कार्यकाल में हुए तीनों उपचुनाव, सभी 10 नगर निगमों में कांग्रेस महापौर, 20 जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एक राज्यसभा सीट पर निर्विरोध कांग्रेस प्रत्याशी की जीत ने अब तक की यात्रा को आपके सबके सहयोग से सफल बनाया है।
आज जब हम दूसरी लहर के प्रकोप से निकलकर थोड़े सामान्य जनजीवन की ओर आगे बढ़ रहे हैं, ऐसे में अब हम सबको आगामी विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारियों की ओर अपना ध्यान केंद्रित करना होगा। पिछले डेढ़ दशकों में भाजपा कुशासन ने जो प्रदेश के विकास पथ पर गढ्ढे किए हैं, उन गढ्ढों को माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी ने भरने का काम किया है। अब उस पथ पर नवा छत्तीसगढ़ गढ?े का जो सिलसिला शुरू हुआ है, उसे किसी भी हालत में थमने नहीं देना है, जनता हमारी ओर पूर्ण आशा और विश्वास के साथ देख रही है। अभी हाल ही में राजीव भवन, रायपुर में हुए प्रशिक्षण में आपकी ऊर्जा और संकल्प शक्ति को देखकर मुझे यह अहसास है कि आपने मिशन 2023 की दिशा में संगठन के निदेर्शानुसार अपनी कार्ययोजना तैयार कर उसे सार्थक रूप देने का सिलसिला शुरू कर दिया है। यह चुनाव छत्तीसगढ़ के अभिमान और स्वाभिमान को जीवित रखने का चुनाव होगा। यह चुनाव हमारा सिर्फ कांग्रेस का कार्यकर्ता नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की आम जनता इस चुनाव को लड़ेगी।
